गाजियाबाद में वर्ल्ड-क्लास क्रिकेट स्टेडियम का रास्ता साफ, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के बीच हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लंबे समय से अटकी तकनीकी बाधाओं का समाधान निकाल लिया गया है। इसके साथ ही स्टेडियम निर्माण का रास्ता लगभग साफ हो गया है और जल्द काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों—एयरपोर्ट फनल जोन, हाई-टेंशन बिजली लाइनें और जलभराव—पर विस्तार से चर्चा की गई। चूंकि प्रस्तावित स्थल हिंडन एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है, इसलिए सुरक्षा मानकों के तहत स्टेडियम के स्टैंड और फ्लडलाइट टावर की ऊंचाई सीमित रखनी होगी। इसको लेकर GDA अब भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से अनुमति और स्पष्ट दिशा-निर्देश मांगेगा, ताकि डिजाइन को अंतिम रूप दिया जा सके।
सुरक्षा के लिहाज से एक और अहम मुद्दा हाई-टेंशन बिजली लाइनों का था, जो स्टेडियम की जमीन के ऊपर से गुजर रही हैं। इन्हें हटाने या भूमिगत करने के लिए GDA बिजली विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा, भविष्य में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए तटबंध (बांध) निर्माण पर भी जोर दिया गया है। GDA सिंचाई विभाग के साथ मिलकर जमीन की डिजिटल मैपिंग कराएगा, ताकि स्टेडियम की नींव मजबूत रहे और इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई असर न पड़े।
यह प्रस्तावित स्टेडियम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ा खेल केंद्र साबित हो सकता है। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते यहां दिल्ली-एनसीआर से आसानी से पहुंचा जा सकेगा। प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद गाजियाबाद को इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों की मेजबानी का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *