(गुरुग्राम)दर्दनाक हादसा : एक्सप्रेस-वे पर खड़ी टूरिस्ट बस से टकराई कार, पति-पत्नी और बच्ची की मौत; 2 बच्चे गंभीर
गुरुग्राम ,29 अक्टूबर ,(आरएनएस)। हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनकी बच्ची की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे पर लोहटकी गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। स्विफ्ट कार में कुल पांच लोग सवार थे। कार सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे के बाद घटनास्थल के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। चालक अपनी सीट पर फंसा नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे बाहर निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। अगली सीट पर चालक के बगल में बैठा बच्चा भी गंभीर हालत में दिखाई दिया। लोगों ने कार का बोनट काटकर बच्चे को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि परिवार राजस्थान में बालाजी धाम के दर्शन करने के बाद दिल्ली लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में पति-पत्नी और बच्ची की जान चली गई, जबकि घायल दोनों बच्चों को पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

