गोंडा व्यापारी हत्याकांड को लेकर संजय सिंह का योगी सरकार पर हमला, कहा-कानून का इकबाल खत्म
लखनऊ, (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और गोंडा में व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कानून का इकबाल पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश सरकार में शामिल कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को अपनी ही पुलिस के रवैये के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा।संजय सिंह ने कहा कि गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन व्यापारी और निषाद पार्टी के कार्यकर्ता विनोद कुमार साहनी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल व्यापारी ने लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली स्थिति है कि एक मृतक व्यापारी को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री को सड़क पर धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्ता में बैठे लोग ही अपनी सरकार के पुलिस और प्रशासन से न्याय नहीं पा रहे हैं तो थाने और चौकियों के चक्कर काट रहे गरीब, मजलूम और आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी।आप सांसद ने आरोप लगाया कि गोंडा की घटना में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आरोपियों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि परसपुर के थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी मामले में लगातार लापरवाही बरतते रहे और आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को ही परेशान किया गया। संजय सिंह ने कहा कि जब सरकार में सहयोगी दल के शीर्ष नेता को लापरवाह पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने, उन्हें निलंबित करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ रहा है तो यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस के दावे पर सवाल खड़ा करता है।संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों की हत्या की घटनाएं हो रही हैं और पीड़ितों को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ितों की मदद करने के बजाय अपराधियों के पक्ष में खड़ी नजर आती है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोगी दल के नेता भी पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा, मुआवजा और न्याय की मांग करने को मजबूर हैं।संजय सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग की कि गोंडा के व्यापारी विनोद साहनी हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार को कथित रूप से परेशान करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यापारियों और आम जनता के उत्पीड़न के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और प्रदेश में बढ़ते अपराध के खिलाफ अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
गोंडा व्यापारी हत्याकांड को लेकर संजय सिंह का योगी सरकार पर हमला, कहा-कानून का इकबाल खत्म
————-

