ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जीटा-1 स्थित एवीजे हाईट्स में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सोसायटी के फ्लैट आई-108 के बाथरूम की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे वॉशबेसिन समेत बाथरूम का अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय फ्लैट में रहने वाला परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिवार किसी कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था। ऐसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यदि घटना के समय कोई व्यक्ति बाथरूम में मौजूद होता तो गंभीर चोट लग सकती थी।
फ्लैट निवासी आर.के. शाही ने बताया कि उनके फ्लैट के ऊपर स्थित फ्लैट नंबर 208 के बाथरूम में लंबे समय से सीलन और रिसाव की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।
निवासियों का आरोप है कि नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क जमा करने के बावजूद सोसायटी में रखरखाव कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। घटना के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और उन्हें आशंका है कि इमारत के अन्य हिस्सों में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
सोसायटी के निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने की मांग की है। साथ ही, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा का व्यापक निरीक्षण कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

