ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा, 26 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्धनगर द्वारा रविवार को जनपद के सभी 1125 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने सूरजपुर मंडल के बूथ संख्या-693 पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन को सुना। वहीं, दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारतीय विद्यार्थियों द्वारा फिजिक्स ओलंपियाड में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने, खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘Catch the Rain’ जैसे जनभागीदारी अभियानों, Vikram-1 के सफल प्रक्षेपण तथा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, वरिष्ठ नेता तेजा गुर्जर, वीरेन्द्र भाटी, कर्मवीर आर्य, विमल पुंडीर, मनोज मावी, रामकुमार नागर सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

