ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गौतमबुद्ध नगर : गौतमबुद्ध नगर जिले में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 12 जून से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए 30 ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। पहले चरण में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 10-10 बसों का संचालन किया जाएगा।
ई-बसों का किराया 20 रुपये से 50 रुपये के बीच रखा गया है, जिससे यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में मांग के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाकर करीब 100 तक की जा सकती है।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बसें चार प्रमुख रूटों पर चलेंगी। इनमें चार मूर्ति चौक, परी चौक, 130 मीटर रोड, जिम्स, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और यथार्थ अस्पताल जैसे प्रमुख स्थानों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। इससे एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होगा और यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
नोएडा में बसों का संचालन सेक्टर-90 डिपो से शुरू होकर बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-62, फेस-2, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और एयरपोर्ट तक किया जाएगा। वहीं यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रबूपुरा, दनकौर, जेवर, बिलासपुर, सूरजपुर और परी चौक सहित कई क्षेत्रों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा।
प्राधिकरणों का मानना है कि ई-बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक दबाव घटेगा और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

