घाघरा का जलस्तर बढ़ा, मांझा कला के बाढ़ पीड़ितों में बांटी गईं 150 राहत किट

घाघरा का जलस्तर बढ़ा, मांझा कला के बाढ़ पीड़ितों में बांटी गईं 150 राहत किट
-आठ नाव और पांच स्टीमर लगाए गए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटा प्रशासन
सोहावल-अयोध्या।घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से मांझा कला क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। नदी का पानी बढ़ने से प्रभावित परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के साथ ही आवागमन सुचारु रखने के लिए आठ नाव और पांच स्टीमर लगाए गए हैं। इनके जरिए बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मांझा कला के बाढ़ पीड़ित परिवारों को 150 राहत किट वितरित की गईं। राहत सामग्री का वितरण एसडीएम सोहावल प्रशिक्षु आईएएस आदित्य विक्रम अग्रवाल, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह और नायब तहसीलदार रेशु जैन की मौजूदगी में किया गया। इसके साथ ही शनिवार को पशुओं के लिए भूसे की भी व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। प्रशासन की टीमें नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रखी गई हैं। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक राम अभिलाष यादव, क्षेत्रीय लेखपाल विशाल सिंह सहित अन्य राजस्व कर्मियों की मौजूदगी बनी रही।  एसडीएम सोहावल आदित्य विक्रम अग्रवाल ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन की टीमें जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *