जबरन स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को लूट रही है भाजपा सरकार- डा. प्रमोद कुमार सिंह
प्रीपेड स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेसियो ने बिजली विभाग पर किया धरना-प्रदर्शन
जौनपुर,22 अप्रैल।यूपी के जौनपुर में प्रदेश में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी चौराहे से हाइडिल तक पैदल मार्च निकाला और बिजली विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
धरना को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना जनता की सहमति के जबरन स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर बिजली कटौती से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर प्रीपेड मीटर के कारण बढ़े हुए बिल से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
डॉ. सिंह ने मांग की कि वर्तमान मीटर व्यवस्था को ही जारी रखा जाए और जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को जनता के हित में पारदर्शी नीति अपनानी चाहिए।
वहीं, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर जनता में आक्रोश और भय दोनों व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को पूरी तरह निरस्त किया जाए और इसके लिए गठित जांच समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही अब तक उपभोक्ताओं से वसूले गए अतिरिक्त बिजली बिल को वापस किया जाए।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन अधिशासी अभियंता की अनुपस्थित में मेहदी बाबू को सौंपा। इस मौके पर डॉ. राकेश मिश्र, विनय तिवारी, लाल प्रकाश पाल, शिव मिश्रा, इरशाद खान, राजकुमारी मिश्रा, विजय प्रकाश वर्मा, जयप्रकाश मिश्रा, प्रवेश निषाद, इकबाल हुसैन, शमसुद जोहा, शाकिब अली, मुहम्मद असरफ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।

