समाजवादी मजदूर सभा का प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित सौंपा ज्ञापन

समाजवादी मजदूर सभा का प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित सौंपा ज्ञापन

जौनपुर,22 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन पर कथित दमन रोकने और कानून का राज स्थापित करने की मांग उठाई। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने किया।
ज्ञापन में कहा गया कि शासन-प्रशासन और औद्योगिक प्रबंधन की नीतियों के कारण श्रमिकों का शोषण बढ़ता जा रहा है, जिससे नोएडा में स्वतःस्फूर्त श्रमिक आंदोलन शुरू हुआ। इसके बाद सरकार ने मजदूरों के वेतन में आंशिक वृद्धि का निर्णय लिया, जिसकी अधिसूचना राज्यपाल के हस्ताक्षर से जारी की जा चुकी है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका समुचित लाभ श्रमिकों को नहीं मिल रहा है।
अमित यादव ने कहा कि पिछले दो दशकों से बड़े पूंजी घरानों के हित में श्रमिकों की स्थिति लगातार खराब होती गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों से कम मजदूरी पर स्थायी प्रकृति के कार्य गैर-कानूनी ढंग से कराए जा रहे हैं। साथ ही, लंबे संघर्ष के बाद हासिल 8 घंटे कार्य दिवस की व्यवस्था को समाप्त कर कई स्थानों पर 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है और साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्तमान महंगाई के दौर में श्रमिकों की आय उनके परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। संगठन ने नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इनके जरिए श्रमिकों के पूर्व में प्राप्त अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। ‘फ्लोर लेवल वेज’ लागू कर न्यूनतम मजदूरी के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से मांग की कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए और नोएडा आंदोलन में हो रहे कथित दमन को तत्काल रोका जाए। इस दौरान अजय यादव, प्रदीप यादव, अखिलेश यादव, रमाशंकर चौहान, धीरज बिंद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *