जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को मनाए जाने के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अंतर्गत मुख्य कार्यक्रम 19 अप्रैल को मनाया जाना है, जिसके अंतर्गत समस्त तहसील और ब्लाक स्तर पर शिवालियों में भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, दीपोत्सव सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
कार्यक्रम के भव्यपूर्ण आयोजन हेतु जिलाधिकारी द्वारा नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त में साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें। उपस्थित खंड विकास अधिकारियों को कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में तैयारी कर लेने के निर्देश दिए गए। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अंतर्गत सोमनाथ यात्रा हेतु जनपद स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों से/विधाओं से लगभग दस लोगों को चयनित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
जौनपुर 17 अप्रैल 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-09
जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गेहूँ क्रय केंद्र प्रभारियों की समीक्षा बैठक आहूत की गयी।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु शासन द्वारा निर्धारित गेहूँ क्रय नीति के अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल पर गेहूँ खरीद सुनिश्चित की जाएगी। जनपद जौनपुर में किसानों की सुविधा के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा 06 क्रय संस्थाओं के कुल 139 गेहूँ क्रय केंद्रों को अनुमोदित किया गया है। इनमें खाद्य विभाग के 21 केंद्र, पीसीएफ के 76, पीसीयू के 31, एफसीआई के 04, मण्डी समिति के 03 एवं नैफेड के 04 केंद्र सम्मिलित हैं।
जनपद में उपरोक्त 06 क्रय संस्थाओं के माध्यम से दिनांक 16 अप्रैल 2026 तक 513 किसानों से 2540.129 मी0टन गेहूँ खरीद की जा चुकी है। अनुमोदित क्रय केन्द्रों के सापेक्ष 16 अप्रैल 2026 तक 69 गेहूँ क्रय केन्द्रों पर खरीद प्रारम्भ हो चुकी है, शेष पर खरीद करायी जा रही है।
इस पर जिलाधिकारी द्वारा समस्त जिला प्रबन्धकों को अपने समस्त क्रय केन्द्रों पर तत्काल गेहूँ खरीद प्रारम्भ कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में गेहूँ खरीद हेतु बोरों की पर्याप्त उपलब्धता है। उचित दर विक्रेताओं से भी अब तक 405 गांठ उपयोगी जूट बोरे प्राप्त किये जा चुके हैं। जिलाधिकारी द्वारा समस्त क्रय केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार बोरों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने हेतु समस्त जिला प्रबन्धकों को निर्देश दिये गये।
गेहूँ विक्रय हेतु जनपद में अब तक 6627 किसानों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। शासन द्वारा किसानों की सुविधा के दृष्टिगत किसान सत्यापन की व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। अब किसान, पंजीयन कराने के उपरान्त पंजीयन प्रपत्र तथा फार्मर आई0डी0 (किसान पहचान पत्र) के साथ जनपद के किसी भी क्रय केन्द्र पर उपस्थित होकर अपना गेहूँ विक्रय कर सकेंगे।
जिलाधिकारी द्वारा क्रय केंद्र पर गेहूँ लेकर पहुँचने वाले किसी भी किसान को फार्मर आई0डी0 के अभाव में गेहूं क्रय किए बिना वापस नहीं किए जाने के सम्बन्ध में सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए। यदि किसी किसान की फार्मर आई0डी0 पहले से नहीं बनी है, तो किसान को क्रय केन्द्र से केवल इस आधार पर वापस नहीं किया जायेगा, बल्कि सभी क्रय केन्द्रों पर फार्मर आई0डी0 क्रियेट किये जाने हेतु क्रय संस्थाओं द्वारा व्यवस्था की जायेगी। इस कार्य में क्रय केन्द्रों पर सक्रिय सहयोग हेतु जिलाधिकारी द्वारा उप निदेशक (कृषि), समस्त उप जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जौनपुर को स्पष्ट निर्देश निर्गत किये जा चुके हैं।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त केन्द्र प्रभारियों को केन्द्र पर प्रातः 9.00 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर उपस्थिति ई-पाॅप मशीन पर दर्ज करते हुये तथा किसानों से शिष्ट व्यवहार करते हुये नियमानुसार गेहूँ खरीद किये जाने के निर्देश दिये गयें।
जिलाधिकारी द्वारा गेहूँ खरीद में संलग्न समस्त अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को सचेत किया गया कि गेहूँ खरीद से सम्बंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, अन्यथा सम्बन्धित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत एजेंसीवार/मिलवार धान प्रेषण तथा सी0एम0आर0 सम्प्रदान की भी समीक्षा की गयी, तथा समस्त राइस मिलर्स को शत-प्रतिशत सी0एम0आर0 का सम्प्रदान निर्धारित तिथि 30 अप्रैल, 2026 तक अनिवार्य रूप से भारतीय खाद्य निगम डिपो में कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), जौनपुर, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता, जौनपुर, समस्त जिला प्रबन्धक, समस्त मण्डी सचिव, प्रबन्धक डिपो, भा0खा0नि0 किर्तापुर, प्रबन्धक एस0डब्ल्यू0सी0 किर्तापुर, जौनपुर, समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/विपणन निरीक्षक, समस्त गेहूँ केन्द्र प्रभारी एवं राइस मिलर्स उपस्थित रहे।

