जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. द्वारा नीट परीक्षा के सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के उद्देश्य से जनपद के टी.डी. पी.जी. कॉलेज एवं जनक कुमारी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सुरक्षा कर्मियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, सहित अन्य उपस्थित रहे।
—————
जौनपुर 21 जून, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या- 04
भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर के समक्ष आयोजित विकास प्रदर्शनी का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रदर्शनी के अंतिम दिवस विभिन्न मदरसों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार तथा रोजगार सृजन से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों, होर्डिंग्स एवं प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनपद जौनपुर में विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अवसंरचना विकास के अंतर्गत केराकत एवं शाहगंज क्षेत्र के नौली में अग्निशमन केंद्रों के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण, स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना, नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गोमती रिवर फ्रंट एवं घाटों का विकास तथा मेडिकल कॉलेज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त सिद्धीकपुर में राजकीय महिला आईटीआई एवं केराकत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना सहित महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।
प्रदर्शनी में पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के दो ब्लॉकों का निर्माण, बदलापुर बस स्टेशन सहित जनपद में संपन्न अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जानकारी भी चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दी गई।
सूचना विभाग द्वारा स्थापित “सेल्फी विद पीएम” सेल्फी प्वाइंट पर विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं पर्यटन, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पुस्तिकाएं, पम्पलेट एवं अन्य सूचना सामग्री वितरित की गई।
प्रेक्षागृह में आयोजित विकास प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत सूचना एवं संस्कृति विभाग से पंजीकृत कलाकार अब्दुल राशीद द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इसके अतिरिक्त विभागीय पंजीकृत कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रदर्शनी के दौरान प्रचार-प्रसार साहित्य का वितरण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
————
जौनपुर 21 जून, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या- 05
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शनिवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड, आईसीडीएस खाद्यान्न वितरण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राशन कार्डों में आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी की प्रगति का परीक्षण करते हुए अवशेष लाभार्थियों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतक एवं विस्थापित लाभार्थियों के नाम पात्र गृहस्थी सूची से हटाने की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत माह अप्रैल से जून 2026 तक खाद्यान्न वितरण की स्थिति, निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही, रिक्त एवं निलंबित उचित दर दुकानों तथा अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन अभी तक नहीं हुआ है, वहां परिवहन योग्य मार्गों के समीप शीघ्र भूमि चिन्हांकन कराया जाए, ताकि बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जा सके। उन्होंने रिक्त एवं निलंबित उचित दर दुकानों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने परिवहन ठेकेदारों को निर्देशित किया कि उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंसिंग स्थल पर ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। निर्देशों का पालन न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जिला खाद्य विपणन अधिकारी को दिए गए। साथ ही खाद्यान्न प्राप्ति के उपरांत उचित दर विक्रेताओं को टी.डी. एवं तत्पट्टी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं आईसीडीएस के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराए जाने का आश्वासन दिया, जिसके उपरांत बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, नोडल उज्ज्वला योजना, समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, समिति के सदस्यगण, उचित दर विक्रेता संघ के प्रतिनिधि तथा सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार उपस्थित रहे।

