जौनपुर जिलाधिकारी के सराहनीय प्रयास से तहसील बदलापुर ग्राम रैभानीपुर निवासी राममिलन को मिली आपदा सहायता राशि: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति जताया आभार

जौनपुर 20 अगस्त, 2025 (सू0वि0)- तहसील बदलापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील बदलापुर के ग्राम रैभानीपुर के निवासी राममिलन के द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि प्रार्थी अनुसूचित जाति का व्यक्ति है, उनकी विगत 18 मई 2024 को आग लगने से आवासीय छप्पर व एक भैस व 7 बकरी और 3 कुन्तल गेंहू, भूसा व अन्य खाद्य सामग्री जल कर राख हो गयी।
           उन्होंने बताया कि अभी तक सहायता राशि प्राप्त नही हुई है। जिसपर उक्त प्रकरण का त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी तथा आपदा कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि और उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिये गये साथ ही उपजिलाधिकारी बदलापुर को निर्देशित किया गया कि तत्काल प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करते हुए दैवीय आपदा राहत के अंतर्गत शासनादेश के अनुसार सहायता धनराशि प्रार्थी के खाते में अंतरित कराना सुनिश्चित करें।
           उक्त के अनुपालन में उपजिलाधिकारी बदलापुर द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराते हुए मात्र 24 घंटे में प्रार्थी के खाते में सहायता धनराशि अंतरित कराने हेतु बेनेफिसियरी तैयार कराया गया, जिसके क्रम में कल 19 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई कक्ष में प्रार्थी राममिलन पुत्र कुलपति की उपस्थिति में उनके खाते में धनराशि अंतरित कराकर उन्हें अवगत कराया गया, जिसपर उनके द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गयी तथा मा० मुख्यमंत्री जी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *