जौनपुर में गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि के खिलाफ बहुजन मुक्ति पार्टी का प्रदर्शन
जौनपुर ,20 मई। यूपी के जौनपुर में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर खिचड़ी बनाकर और सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को ज्ञापन सौंपकर बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ देश के 625 जिलों में “जिलाधिकारी कार्यालय पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन” चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं पर मनमाने बिजली बिल थोपे जा रहे हैं। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर पारदर्शी नहीं हैं और इनके माध्यम से लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामूली माइनस बैलेंस होने पर तत्काल बिजली काट दी जाती है, जबकि कई बार सप्लाई बाधित रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को भारी बिल भेजे जा रहे हैं।
मनोज यादव ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 1500 से 2000 रुपये तथा कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 2500 से 3500 रुपये तक पहुंच गए हैं, जिससे आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं, फिर भी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की जांच और आम जनता को राहत देने की मांग की।

