जौनपुर में मौसम बदलते ही बढ़ीं बीमारियां, जिला अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी भीड़

जौनपुर में मौसम बदलते ही बढ़ीं बीमारियां, जिला अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी भीड़

जौनपुर,22 अप्रैल । यूपी के जौनपुर में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्मी के कारण डायरिया, उल्टी-दस्त, बुखार और अन्य संक्रमण तेजी से फैल रहे हैं, जिससे मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसका सीधा असर अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी पर देखा जा रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। पर्चा बनवाने के लिए लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है।
अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि अचानक मौसम परिवर्तन और खानपान में लापरवाही के कारण मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों पेट में संक्रमण, डायरिया, हीट स्ट्रोक, सिर दर्द, घबराहट, बेचैनी, गला सूखना, तेज बुखार और दिमागी बुखार जैसी समस्याओं के मरीज अधिक संख्या में अस्पताल आ रहे हैं। सभी मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है।
डॉ. यादव ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में तला-भुना और मसालेदार भोजन कम करें तथा अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। इसके अलावा तेज धूप में निकलते समय सिर को गमछे या हेलमेट से ढककर रखें, जिससे लू से बचाव किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शादी-विवाह के इस मौसम में लोग अधिक तेल-मसाले वाले भोजन का सेवन कर रहे हैं, जिससे पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं, इसलिए इस पर नियंत्रण जरूरी है।
वहीं, चीफ फार्मासिस्ट आशुतोष पाठक ने बताया कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 मरीजों का पंजीकरण हो रहा है, जिनमें ज्यादातर डायरिया, उल्टी-दस्त और बुखार के मरीज शामिल हैं। इमरजेंसी में भी मरीजों का तत्काल उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी मरीजों को आवश्यक उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *