पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या
जौनपुर,22 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के टिकरी बभनौटी गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश और जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 45 वर्षीय अशोक मिश्रा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि करीब दस लोग घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक अशोक मिश्रा का अपने चाचा कमलाकांत मिश्रा से जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी थी, जिसके बाद अशोक अपने परिवार के साथ कलीचाबाद में रहने लगे थे। वह नईगंज में आयुर्वेदिक दवा की दुकान चलाते थे और क्षेत्र में वैद्य के रूप में पहचान रखते थे।
मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे अशोक अपने कुछ साथियों के साथ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर चाचा पक्ष से विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात बिगड़ते देख अशोक के साथ आए कई लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद हमलावरों ने अशोक को बांधकर बेरहमी से पीटा। उनके साथ आए अंकित मिश्रा निवासी नईगंज थाना लाइनबाजार को भी बांधकर मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात अशोक मिश्रा की मौत हो गई। वहीं, सुनील मिश्रा, मृदुल मिश्रा और अंकित मिश्रा को गंभीर हालत में बीएचयू वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।इस संबंध में बुधवार को जानकारी लेने पर
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

