जौनपुर में TGT परीक्षा आज से, 20 केंद्रों पर 6,831 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; नकल पर सख्त पहरा
जौनपुर,03 जून। यूपी के जौनपुर में 3 और 4 जून बुधवार , गुरुवार को आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6,831 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इस मामले में अपर जिलाधिकारी परमानन्द झा ने बताया कि
जिला प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा अन्य किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

