सूर्या चौहान हत्याकांड के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग, आईएचपी व राष्ट्रीय बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

सूर्या चौहान हत्याकांड के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग, आईएचपी व राष्ट्रीय बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

जौनपुर,03 जून। यूपी के जौनपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की जौनपुर इकाई ने गाजियाबाद में सूर्या चौहान की हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को जिलाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि बकरीद के दिन गाजियाबाद में सूर्या चौहान की निर्मम हत्या से समाज में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है। इस घटना ने प्रदेशवासियों की भावनाओं को आहत किया है। संगठन ने मामले में एक आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इससे प्रदेश की जनता का कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास मजबूत हुआ है।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने मांग की कि हत्या में शामिल शेष सभी आरोपियों तथा इस अपराध के षड्यंत्र में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को ऐसा दंड मिलना चाहिए, जो समाज में एक मजबूत संदेश दे और भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की जघन्य घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।
संगठन ने कहा कि निर्दोष युवक की हत्या करने वाले सभी दोषियों को उनके अपराध के अनुरूप सख्त सजा देकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार उपाध्याय, यादवेन्द्र यादव, जितेंद्र बहादुर सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *