ट्रंप का गरम रुख

ट्रंप का गरम रुख

ईरान होरमुज बंद करने में सक्षम बना हुआ है, इसलिए युदध थमने की उम्मीद जगने के बीच अक्सर ट्रंप का गरम रुख सामने आ जाता है। मगर हालात जल्द ही उन्हें नरम होने पर मजबूर कर देते हैं।

डॉनल्ड ट्रंप ईरान को तबाह कर देना चाहते हैं। उनकी ये मंशा हर उस कार्रवाई के बाद उग्र रूप में जाहिर होती है, जब ईरान अमेरिका को ललकारता नजर आता है। लेकिन जब उनके सैन्य सलाहकार बताते हैं कि अमेरिका के लिए नए हमले करना जोखिम भरा है और साथ ही उनकी धमकियों से महंगाई और अमेरिकी बॉन्ड की ब्याज दरें बढ़ने लगती हैं, तो ट्रंप समझौते की दिशा में प्रगति का एलान करते हुए कदम पीछे खींच लेते हैं। जबकि ईरान जल्द ही ऐसी किसी प्रगति का खंडन कर देता है।

पिछले 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद कम-से-कम पांच बार ऐसा हुआ, जब ट्रंप ने ईरान को धरती से मिटा देने या उसके बुनियादी ढांचे को नष्ट कर देने का अल्टीमेटम दिया। और हर बार उन्होंने कदम वापस खींचे। इस बीच सहमति-पत्र (एमओयू) पर दस्तखत के जरिए उन्होंने युद्ध के मकड़जाल से निकलने की कोशिश की, लेकिन ईरान ने इसमें भी उनकी मदद नहीं की। ईरान सिर्फ इस शर्त पर युद्ध रोकने को राजी है कि अमेरिका होरमुज जलडमरूमध्य पर उसकी संप्रभुता स्वीकार करे। मगर ऐसा करना ना सिर्फ अमेरिकी, बल्कि लगभग 300 साल से जारी पश्चिमी वर्चस्व के पराभव पर अंतिम मुहर के रूप में देखा जाएगा।

इससे संदेश जाएगा कि साझा पश्चिम अब दुनिया भर में मुक्त नौवहन सुनिश्चित कराने में सक्षम नहीं रह गया है। अमेरिका के लिए इस बात को इतनी आसानी से पचा लेना आसान नहीं है। चूंकि ईरान होरमुज और यमन के अंसारुल्लाह (हूती) के जरिए बाब-ए-मंदाब जलमार्गों को बंद करने में सक्षम बना हुआ है, इसलिए हर बार युदध थमने की उम्मीद जगने के तुरंत बाद ट्रंप का गरम रुख सामने आता है और युद्ध तेज होने के संकेत मिलने लगते हैं। मगर परिस्थितियां जल्द ही उन्हें नरम होने पर मजबूर कर देती हैं। फिर वैसा ही हुआ है। फिलहाल, ट्रंप के इस दावे पर यकीन करना कठिन है कि खाड़ी में अमेरिका के सहयोगी देश ईरान के साथ शांति समझौते के किसी फॉर्मूले पर पहुंच गए हैं। इसलिए युद्ध टलने की खबरें फ़ौरी राहत से ज्यादा कुछ नहीं हैं।

००

 

खेल में अपनी प्रतिभा को पहचाने और भविष्य संवारें

0-बस्तर – सरगुजा ओलंपिक सहित राष्ट्रीय खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से निखरी छत्तीसगढ़ के युवा पीढ़ी की पहचान

तेजबहादुर सिंह भुवाल

एक समय था जब यह माना जाता था कि केवल पढ़ाई-लिखाई ही उज्ज्वल भविष्य और अच्छी नौकरी का मार्ग है। इसी सोच को दर्शाते हुए कहा जाता था- ‘पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब।Ó लेकिन आज का भारत इस धारणा को पूरी तरह बदल चुका है।

इसलिए आज के दौर में यह कहना उचित नहीं होगा कि केवल पढ़ाई-लिखाई ही सफलता का एकमात्र मार्ग है। यदि किसी में खेल के प्रति जुनून, अनुशासन और समर्पण है, तो वह खेलों के माध्यम से भी अपने सपनों को साकार कर सकता है। शिक्षा और खेल, दोनों मिलकर व्यक्तित्व का समग्र विकास करते हैं तथा जीवन में सफलता के नए द्वार खोलते हैं।

खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन और सफलता की ऐसी पाठशाला है, जहाँ से भविष्य के विजेता तैयार होते हैं। आज खेलों में करियर की असीम संभावनाएँ हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान, रोजगार, आर्थिक सुरक्षा और वैश्विक पहचान मिल रही है। ऐसे समय में प्रत्येक युवा के लिए आवश्यक है कि वह अपनी खेल प्रतिभा को पहचाने और उसे सही दिशा देकर अपने भविष्य को संवारे।

हर बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष क्षमता होती है। किसी की गति उसे उत्कृष्ट धावक बनाती है तो किसी की फुर्ती कबड्डी, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, तीरंदाजी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल या अन्य खेलों में सफलता दिला सकती है। यदि प्रतिभा को समय पर प्रशिक्षण और अवसर मिले, तो वही खिलाड़ी प्रदेश और देश का गौरव बनता है।

खेलों का सबसे बड़ा योगदान यह है कि वे जीवन के महत्वपूर्ण गुणों का विकास करते हैं। अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, समय प्रबंधन और संघर्ष का साहस खेल के मैदान में ही सीखा जाता है। यही गुण आगे चलकर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की नींव रखते हैं।

छत्तीसगढ़ में खेलों को नया स्वरूप देने की दिशा में राज्य शासन ने उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, ग्रामीण और जनजातीय अंचलों के युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अनेक पहल की जा रही हैं। प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार, खेल अकादमियों को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इसी के साथ ही इस वर्ष से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स का सफल आयोजन किया गया है।

विशेष रूप से बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसी अभिनव पहल ने खेलों को गाँव-गाँव तक पहुँचाया है। इन आयोजनों ने दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। परंपरागत खेलों के साथ आधुनिक खेलों को भी बढ़ावा देकर हजारों युवाओं, महिलाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। इन प्रतियोगिताओं ने यह साबित किया है कि अवसर मिलने पर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की क्षमता रखते हैं।

इसके साथ ही विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं, ग्रामीण खेल आयोजनों, प्रतिभा खोज कार्यक्रमों तथा प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से नई प्रतिभाओं की पहचान की जा रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, सम्मान और विभिन्न सुविधाएँ उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर कई पुरस्कार प्रदान करती है। जिसमे गुंडाधुर सम्मान शामिल है। यह छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण के तहत दिया जाने वाला सर्वोच्च खेल पुरस्कार है। यह पुरस्कार बस्तर के वीर नायक गुंडाधुर की स्मृति में, खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाता है। दूसरा महाराज प्रवीरचंद भंजदेव के नाम पर है। यह पुरस्कार विशेष रूप से तीरंदाजी के खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ में खेल प्रोत्साहन योजना भी शुरू की गई है, जिससे युवाओं में खेल का अवसर प्राप्त हो सके।

छत्तीसगढ़ के कई ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जो छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। वर्तमान में ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (ग्लासगो) में महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। अमितेश कुजूर ने राष्ट्रमंडल खेल में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसी प्रकार अन्य खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

आज खेल केवल खिलाड़ी बनने तक सीमित नहीं हैं। खेल प्रशिक्षक, फिटनेस विशेषज्ञ, खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान, खेल पत्रकारिता और खेल प्रशासन जैसे अनेक क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर उपलब्ध हैं। इसलिए खेल को अब केवल शौक नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण के प्रभावी माध्यम के रूप में देखा जाना चाहिए।

अभिभावकों और शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानें तथा उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। पढ़ाई और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उत्कृष्ट शिक्षा और सफल जीवन का आधार बनते हैं।

आज जब डिजिटल दुनिया बच्चों को मैदान से दूर कर रही है, तब आवश्यकता है कि उन्हें फिर से खेल मैदानों की ओर प्रेरित किया जाए। मैदान में बिताया गया समय केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, सोच और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाता है।

खेल हमें सिखाते हैं कि हर जीत के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और संघर्ष छिपा होता है। इसलिए अपनी प्रतिभा को पहचानिए, शासन, प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का भरपूर लाभ उठाइए और बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक, राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय जैसे आयोजनों को अपने सपनों की उड़ान का मंच बनाइए। आज का खिलाड़ी ही कल का चौंपियन, प्रदेश का गौरव और देश का भविष्य है।

लेखक सहायक जनसंपर्क अधिकारी हैं

००

 

समावेशी, पारदर्शी सरकारी खरीद का बेहतरीन प्लेटफॉर्म है जेम

पीयूष गोयल

सरकारी खरीद के लिए सरकार का ई-मार्केटप्लेस (जेम) वैश्विक स्तर पर एक पारदर्शी, समावेशी और कुशल प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है, जो 1.37 लाख सरकारी खरीदारों को 25 लाख विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं से जोड़ता है।

जेम प्लेटफार्म की विशेषता है कि यह खरीद से जुड़ी सभी प्रमुख गतिविधियों को एक बड़े डिजिटल मार्केटप्लेस में एकीकृत करता है। यह वैश्विक सर्वोत्तम तौर-तरीकों को सरकार के समावेशी विकास के साथ जोड़ता है, जिससे यह पीएम मोदी के विकासित भारत 2047 के विजन को आगे बढ़ाने वाला इंजन बन जाता है।

2016 में पीएम द्वारा इस परिवर्तनकारी डिजिटल पहल की शुरुआत के एक दशक में, जेम ने भ्रष्टाचार को मिटाकर और स्टार्टअप, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और छोटे शहरों के व्यवसायों को बढ़ावा देकर, सरकारी खरीद में क्रांति ला दी है।

उपयोगकर्ता-अनुकूल यह प्लेटफ़ॉर्म वास्तव में एक रत्न है, जिसने विवादित आपूर्ति और निपटान महानिदेशालय की जगह ली है, जिसकी प्रणालियाँ अस्पष्ट और गैर-प्रतिस्पर्धी थीं। इससे खरीदारी प्रणाली के केवल कुछ सुविधा-प्राप्त लोगों को ही अनुचित फ़ायदा मिलता था।

यह उचित है कि वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय का नया, आधुनिक कार्यालय, वाणिज्य भवन, उसी ज़मीन पर बना है, जहाँ कभी वह पुरानी और संदिग्ध प्रतिष्ठा वाली संस्था हुआ करती थी।

वाणिज्य और उद्योग के मंत्री के रूप में, मुझे गर्व है कि जेम, जिसे 9 अगस्त 2016 को लॉन्च किया गया था, अपनी शानदार सेवा के दस साल पूरे कर रहा है। यह सिर्फ आंकड़ों का जश्न मनाने वाला पड़ाव नहीं है; बल्कि यह इस बात में एक बुनियादी और सफल बदलाव है कि कैसे सरकारी खरीद देश के निर्माण में योगदान देती है।

पारदर्शिता, व्यवसाय करने में आसानी

उत्पाद खोजने और बोली लगाने से लेकर अनुबंध देने और भुगतान करने तक, पूरी खरीद प्रक्रिया को डिजिटल बनाकर जेम ने मनमाने फैसलों को खत्म किया है, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया है और लोगों के भरोसे को मजबूत किया है। हर लेन-देन का एक डिजिटल रिकॉर्ड बनता है जिसकी जांच की जा सकती है; इससे जवाबदेही बढ़ती है और सरकारी खरीद के प्रति निष्ठा मजबूत होती है।

जेम पीएम मोदी के व्यवसाय करने में आसानी मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। एकल डिजिटल विंडो, आसान पंजीकरण, मानकीकृत प्रक्रिया और नियमित नीतिगत सुधार – जैसे अमानत राशि को ख़त्म करना और लेन-देन शुल्क को युक्तिसंगत बनाना – के जरिये जेम ने भागीदार बनने की बाधाओं को काफी हद तक कम किया है, जिससे सरकारी खरीद तक पहुंच आसान हो गयी है।

आत्मनिर्भर भारत

जेम ने आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देने के लक्ष्य को मजबूती से आगे बढ़ाया है। घरेलू निर्माताओं और सेवा प्रदाताओं को प्राथमिकता देकर, इसने स्थानीय मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत किया है और देशी उत्पादन को प्रोत्साहित किया है।

पोर्टल पर दिया गया हर ऑर्डर भारत की निर्माण क्षमता और आर्थिक संप्रभुता में एक निवेश है। खास बात यह है कि जेम में मात्रा के आधार पर लगभग 60त्न ऑर्डर और सकल माल मूल्य (जीएमवी) में 45त्न से ज़्यादा की हिस्सेदारी सूक्ष्म और लघु उद्यमों (एमएसई) की है।

समावेशी सरकारी खरीद

जेम, पीएम मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मिशन के अनुरूप समावेशी विकास का एक महत्वपूर्ण इंजन के रूप में सेवाएं देता है। यह स्टार्टअप्स, छोटे व्यवसायों और महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों को बिना किसी बाधा या मध्यस्थ के सरकारी खरीदारों के सामने अपने उत्पादों और सेवाओं को आसान तरीके से पेश करने का मौका देता है।

प्रवेश करने की बाधाओं को खत्म करके और सरकारी खरीद तक पहुंच को लोकतांत्रिक बनाकर, जेम ने पूरे देश के छोटे व्यवसायों को राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने और उस व्यावसायिक क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए सशक्त बनाया है, जिस पर कभी स्थापित कंपनियों का दबदबा हुआ करता था।

जेम के माध्यम से 12 लाख से अधिक सूक्ष्म और लघु उद्यमों ने 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी ऑर्डर पूरे किए हैं। 2.20 लाख से ज्यादा महिला उद्यमियों ने 99,713 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर हासिल किए हैं, जबकि 42,000 से अधिक स्टार्टअप्स ने 65,600 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर पूरे किए हैं। जेम ने 69,000 से ज्यादा एससी/एसटी उद्यमियों को सरकारी खरीद में भाग लेने का अवसर दिया है, और उन्होंने 23,145 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर पूरे किए हैं।

विकास का उत्प्रेरक

ये उपलब्धियाँ इस बात की फिर से पुष्टि करती हैं कि जेम की भूमिका एक डिजिटल खरीद प्लेटफ़ॉर्म से कहीं ज़्यादा है। यह प्लेटफार्म समावेशी विकास, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उत्प्रेरक है, जो सुनिश्चित करता है कि हर योग्य उद्यम को भारत के विकास में योगदान देने का समान अवसर मिले।

कई मायनों में, जेम की यात्रा ‘विकसित भारत 2047’ की आकांक्षाओं को दर्शाती है, जो प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन के अनुरूप है – एक ऐसा भारत जो पारदर्शी, समावेशी, नवोन्वेषी और डिजिटल रूप से संप्रभु हो।

हम जेम के दूसरे दशक में प्रवेश कर रहे हैं, हमारा विज़न इसे एक स्मार्ट, हरित और विश्व-स्तरीय प्लेटफ़ॉर्म के रूप में विकसित करना है, जो नई तकनीकों का उपयोग करता है और साथ ही हितधारकों, खासकर हमारे नवोन्मेषियों, स्टार्टअप्स, छोटे कारोबार, महिलाएं, युवा और छोटे शहरों और वंचित वर्गों से आने वाले उद्यमियों की भागीदारी को बढ़ाता है ।

भारत के सबसे सफल डिजिटल सरकारी खरीद इकोसिस्टम्स में से एक के रूप में, जेम यह दिखाता है कि कैसे तकनीक, डेटा विश्लेषण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उपयोगकर्ता-केंद्रित डिज़ाइन सार्वजनिक खर्च में गति, दक्षता और पैसों की सही कीमत प्रदान कर सकते हैं। पिछले दो वित्त वर्षों में, इस प्लेटफ़ॉर्म का वार्षिक जीएमवी 5 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है, जिससे इसका कुल मूल्य लगभग 20 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसमें अब 10,644 उत्पाद श्रेणियां और 350 सेवा श्रेणियां शामिल हैं।

चाहे वह जीवन रक्षक दवाइयाँ और टीके हों, जो अस्पतालों तक तेजी से पहुँच रहे हैं, रक्षा सामग्री और ड्रोन हों, जो कुशलता से पहुंचाए जा रहे हैं, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण हों, जो कक्षाओं को बदल रहे हैं, या विश्वसनीय अवसंरचना हो, जो गांवों को सशक्त बना रही है – पारदर्शी और कुशल खरीद सार्वजनिक सेवाओं की उच्च गुणवत्ता और संसाधनों का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित करती है।

इस बदलाव के सच्चे लाभार्थी भारत के नागरिक हैं। आईआईटी दिल्ली के एक अध्ययन (जुलाई-अगस्त, 2026) में पाया गया कि जेम के माध्यम से खरीदारी से पिछले तीन वित्त वर्षों (वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26) में 86,571.69 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ हुआ, जिसमें कीमत और प्रक्रिया की दक्षता से हुई बचत शामिल है। इसी तरह, अध्ययन में जेम के 101 उत्पादों की तुलना फ्लिपकार्ट, अमेज़न, इंडियामार्ट जैसे प्लेटफार्मों पर उपलब्ध समान वस्तुओं से की गई। इसमें पता चला कि जेम की कीमतें 74.3त्न वस्तुओं के सन्दर्भ में सस्ती थीं, जिससे लगभग 13.6त्न की कुल बचत हुई।

जेम पोर्टल भारत की आर्थिक वृद्धि और पीएम मोदी के विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण इंजन के रूप में कार्यरत है। यह समाज के वंचित वाले वर्गों को सशक्त बनाता और उनका उत्थान करता है तथा उद्यमिता को बढ़ावा देता है। साथ ही यह सुनिश्चित करता है कि टैक्स देने वालों का पैसा प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को कुशलतापूर्वक खरीदने में इस्तेमाल हो।

लेखक केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री हैं

००

 

आज का राशिफल

मेष राशि: मेष राशि वालों आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। आज आपको व्यापार में अच्छा धन लाभ होगा और आपको धन लाभ के नए सोर्स भी नजर आ सकते हैं। आज आपको रोजगार में उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे, जिनका लाभ उठाकर आप आगे बढ़ सकते हैं। आज आपको परिवार के किसी काम से यात्रा करनी पड़ सकती है। आज आपकी किसी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है, जिससे आपको भविष्य में बड़े फायदे हो सकते हैं। आज आपको दिन भर के कामों से आलस्य महसूस होगा परन्तु आप मेहनत से पीछे नहीं हटेंगे।

शुभ रंग – लाल

शुभ अंक – 1

वृष राशि: वृष राशि वालों आज का दिन आपके लिए ठीक ठाक रहने वाला है। आज परिवार में सुख समृद्धि का वातावरण रहेगा। आज आपके पराक्रम और धैर्य में वृद्धि होगी, जिससे लोग आपसे प्रभावित होंगे। आज बेटे की सफलता से घर में खुशी का माहौल बनेगा। आज आपका दांपत्य जीवन सौहार्द से भरा रहेगा, आप जीवनसाथी के साथ मूवी देखने की प्लानिंग कर सकते हैं। आज आपको आय के नए स्रोत प्राप्त होंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। आज आपको किसी समस्या से छुटकारा मिलेगा, जिससे मन प्रसन्न रहेगा।

शुभ रंग – गुलाबी

शुभ अंक – 2

मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों आज आपका दिन उत्साह से भरपूर रहेगा। आज आपके दैनिक जीवन की गतिविधियाँ अच्छी चलेंगी। आज आपका झुकाव अध्यात्म के प्रति अधिक रहेगा, जिससे मानसिक शांति मिलेगी। आज आप परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर दर्शन के लिए जायेंगे। इस राशि के विवाहितों के लिए आज का दिन काफी अच्छा है। आज आप काम पूरा होने के बाद सहकर्मियों का आभार व्यक्त करना न भूलें। आज आपको नौकरी में उन्नति करने के बेहतरीन अवसर प्राप्त होगा।

शुभ रंग – हरा

शुभ अंक – 4

कर्क राशि: कर्क राशि वालों आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आपका काम मन मुताबिक होगा। आज मित्रों के साथ किसी खास विषय पर बातचीत होगी, जिससे आपको फायदा हो सकता है। आज आप भाई बहनों के साथ शॉपिंग करने जायेंगे, सबके साथ अच्छे से इंजॉय करेंगे। आज आप काम के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। आज आपका दाम्पत्य जीवन मधुर रहेगा। आज आपको कुछ अच्छे अवसर मिल सकते हैं लेकिन आज आप खुद को शांत बनाये रखें।

शुभ रंग – भूरा

शुभ अंक – 7

सिंह राशि: सिंह राशि वालों आज का दिन आपके लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। आज आप खुद को एनर्जी से भरा महसूस करेंगे। इस राशि के इंजीनियर्स आज अपने अनुभव का प्रयोग सही दिशा में करेंगे। आज किसी जरूरी काम में जीवनसाथी की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। आज आपको ऑफिस में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा, जिससे काम सही समय पर पूरा हो जायेगा। आज सोचे हुए सभी काम समय पर पूरे होंगे, इससे आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी।

शुभ रंग – लाल

शुभ अंक – 1

कन्या राशि: कन्या राशि वालों आज का दिन आपके लिए खुशनुमा बना रहेगा। आज आप व्यर्थ के कामों में अपना समय बर्बाद न करें। आज आपको ऑफिशियल पेंडिंग कार्यों को पूरा करने के लिए अधिक फोकस करना चाहिए, जितना जल्दी हो सके काम को पूरा करने पर ध्यान दें। इस राशि के कंप्यूटर स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बेहतर है। आज आप जितनी मेहनत करेंगे। आपको उतने ही बढ़िया नतीजे भी मिलेंगे। आज स्थितियां आपके फेवर में होंगी। आज किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करके आपको काफी अच्छा महसूस होगा।

शुभ रंग – काला

शुभ अंक – 3

तुला राशि: तुला राशि वालों आज का दिन आपके लिए बेहद खास है। आज वर्कप्लेस पर आपको किसी कार्य के लिए सहकर्मियों और सीनियर्स की मदद मिलेगी जिससे आपके कार्य पूर्णता की ओर बढ़ेंगे। आज आप व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाने के लिए अपने बिजनेस पार्टनर के साथ मीटिंग कर सकते हैं। आज कपड़ा व्यापारियों को अधिक लाभ होने से मन प्रसन्न रहेगा। आज वैवाहिक जीवन में सुख सौहार्द की बढ़ोतरी होगी और परिवार में सम्पन्नता बनी रहेगी। आज आप अपनी गलतियों को सुधार कर आगे बढने का प्रयास करेंगे।

शुभ रंग – नीला

शुभ अंक – 4

वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों आज का दिन आपके लिए शुभ है। आज व्यापार में आपको अच्छा लाभ होगा। आज नौकरी में आपको प्रमोशन मिलने की संभावना बन रही है, जिससे आपको ख़ुशी मिलेगी। आज आप नया वाहन लेने का विचार परिवार जनों से करेंगे। आज पारिवारिक सुख सौहार्द बना रहेगा और संतान से सुख मिलेगा। आज आपके अधूरे व साहसिक कार्य के पूरा होने के योग बन रहे हैं। आज आप अधिक भरोसा करके किसी से अपनी बातें शेयर न करें। आज आप जीवनसाथी को खुश होने की वजह देंगे।

शुभ रंग – मैरून

शुभ अंक – 8

धनु राशि: धनु राशि वालों आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आपके सोचने की क्षमता में तेजी आयेगी और आप पारिवारिक जिम्मेदारियों को अच्छे से निभायेंगे। आज ससुराल पक्ष में कोई मांगलिक आयोजन की सूचना मिल सकती है, जिसमें आप शामिल होंगे, कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। आज आप किसी विषय को समझने के लिए सीनियर की मदद ले सकते हैं। आज आप अधिक खर्च करने से बचें, आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। आज परिवार में मांगलिक कार्य होने से आपकी व्यस्तता बढ़ सकती है।

शुभ रंग – हरा

शुभ अंक – 2

मकर राशि: मकर राशि वालों आज आपका दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। इस राशि के हाई एजुकेशन पाने की ख्वाहिश रखने वाले स्टूडेंट्स के लिये आज का दिन अनुकूल है। आज आपको बच्चों की तरफ से शुभ समाचार मिलेगा, जिससे घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। आज आपके दाम्पत्य जीवन में आपसी सामंजस्य बना रहेगा लेकिन रोजमर्रा के कामों में आपकी व्यस्तता बनी रहेगी। आज आपको कारोबार में रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। आज नए व्यक्तियों से मुलाकात भविष्य के लिए लाभदायक होगी।

शुभ रंग – सुनहरा

शुभ अंक – 1

कुम्भ राशि:कुम्भ राशि वालों आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज कोर्ट-कचहरी का फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। आज घरेलू जरूरत की चीजों की खरीददारी हो सकती है। आज अचानक आपके घर पर मेहमानों का आगमन हो सकता है। आज आप जो भी काम करने की सोचेंगे, उसे लेकर पॉजिटिव नजरिया रखने से सब काम अच्छे से होंगे। आज कामकाज की अधिकता सेहत पर असर डाल सकती है, इसलिए आप अपना ध्यान रखें। आज किसी दोस्त से मिलकर आपको बहुत ख़ुशी होगी।

शुभ रंग – मैजेंटा

शुभ अंक – 9

मीन राशि:मीन राशि वालों आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज आपको रोजगार में नए अवसर प्राप्त मिलेंगे, जो आपकी तरक्की में सहायक होंगे। आज आप किसी खेल प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। इस राशि के जॉब कर रहे व्यक्तियों के लिए अच्छे ऑफर्स आने के योग बन रहे हैं। आज आप अपनी बेहतर सोच से हालात को संभालने में सफल रहेंगे। आज जीवनसाथी के साथ आपका तालमे

ल बढ़िया रहेगा और आज आपको व्यापार में मुनाफा हो सकता है।

शुभ रंग – सफेद

शुभ अंक – 2

००

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *