ताज ने लग्जरी ब्रांडेड विला सेगमेंट में रखा कदम, लोनावला में शुरू किया ‘ताज माउंट कुसूर रिसॉर्ट एंड विला’

ताज ने लग्जरी ब्रांडेड विला सेगमेंट में रखा कदम।

लोनावला में अमावी के साथ मिलकर शुरू किया ‘ताज माउंट कुसूर रिसॉर्ट एंड विलाज’

देश की उपासना समाचार पत्र 

 ब्यूरो चीफ़, धनन्जय विश्वकर्मा 

मुंबई, 28 अगस्त 2026: भारत की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने महाराष्ट्र के लोनावला में ‘ताज माउंट कुसूर रिसॉर्ट एंड विला’ शुरू करने की घोषणा की है। देश के हॉस्पिटैलिटी-केंद्रित रियल एस्टेट ब्रांड अमावी के साथ साझेदारी में विकसित यह परियोजना ताज के लग्जरी ब्रांडेड विला सेगमेंट में प्रवेश का प्रतीक है।

मुंबई और पुणे के बीच स्थित लोनावला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरी-भरी पहाड़ियों, झीलों और झरनों के लिए देशभर में लोकप्रिय है। यही वजह है कि यह क्षेत्र पर्यटकों के साथ-साथ वेलनेस और सेकंड होम की तलाश करने वालों के लिए भी तेजी से आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

IHCL के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत छटवाल ने कहा कि ताज ने अपने महलों, ऐतिहासिक होटलों, सफारी और रेजिडेंस के माध्यम से लंबे समय से लग्जरी हॉस्पिटैलिटी की पहचान बनाई है। ‘ताज माउंट कुसूर रिसॉर्ट एंड विला’ के माध्यम से कंपनी ने बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए ब्रांडेड विला के नए क्षेत्र में कदम रखा है।

पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में करीब 34 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस इंटीग्रेटेड लग्जरी प्रोजेक्ट में 32 ब्रांडेड विला और 100 कमरों वाला ताज रिसॉर्ट शामिल है। परियोजना से आसपास की झील और घाटियों के मनोरम दृश्य दिखाई देते हैं। आधुनिक बार्न-स्टाइल आर्किटेक्चर से प्रेरित विला में बड़े कांच के पैनल और विशाल बरामदे बनाए गए हैं, जो प्राकृतिक वातावरण के साथ सामंजस्य स्थापित करते हैं।

परियोजना में करीब दो एकड़ का ‘वाबी-साबी’ सेंट्रल पार्क भी विकसित किया गया है। इसके अलावा मियावाकी जंगल, नेचर ट्रेल्स, जेन गार्डन, स्टारगेजिंग डेक, गोल्फ शूटिंग ग्रीन, फिटनेस लॉन और मल्टी-पर्पज स्पोर्ट्स कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं क्लब अमावी में वेलनेस, मनोरंजन, बैंक्वेट और डाइनिंग जैसी प्रीमियम सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

अमावी-क्लार्क्स ग्रुप ऑफ होटल्स के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अपूर्व कुमार ने कहा कि सेकंड होम खरीदने वाले लोग अक्सर परिवार और प्रकृति के बीच बेहतर समय बिताना चाहते हैं, लेकिन उसकी देखभाल एक अतिरिक्त जिम्मेदारी बन जाती है। ‘ताज माउंट कुसूर रिसॉर्ट एंड विला’ इसी चुनौती को दूर करते हुए घर की निजता के साथ ताज की विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी और सेवाओं का अनुभव प्रदान करेगा।

इन ब्रांडेड विला को बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा और लीज-बैक प्रोग्राम के माध्यम से इन्हें रिसॉर्ट की इन्वेंट्री में शामिल किया जाएगा। विला मालिकों को ताज की हॉस्पिटैलिटी सेवाओं के साथ कंसीर्ज सहायता, हाउसकीपिंग, मेंटेनेंस तथा रिसॉर्ट की मनोरंजन और वेलनेस सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस परियोजना के साथ ताज ने लग्जरी हॉस्पिटैलिटी और प्रीमियम रियल एस्टेट के संगम में एक नई श्रेणी की शुरुआत की है, जो लोनावला को हाई-एंड सेकंड होम और ब्रांडेड विला डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *