दुर्गा पूजा महोत्सव में व्यापार मंच ने लगाया सेवा एवं सहायता शिविर
पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी ने किया उद्घाटन
सुलतानपुर। ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर काउंसिल ऑफ उद्योग व्यापार मंच सुलतानपुर द्वारा चौक घंटाघर पर लगाए गए सेवा एवं सहायता शिविर का शुभारंभ मंगलवार देर शाम उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र बारी ने किया। शिविर का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों की सेवा, सुरक्षा तथा जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर बेहतर व्यवस्था में सहयोग करना है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने व्यापारियों के लिए ₹15 लाख के निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा की मांग उठाई। मुख्य अतिथि सत्येंद्र बारी ने व्यापारियों को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए बताया कि उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री से व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज समृद्ध होगा, तभी देश समृद्ध होगा। मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव सिंह ने महोत्सव में कार्यकर्ताओं के सेवा-समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम में गोमती मित्र मंडल के अध्यक्ष मदन सिंह, डॉ. राजीव श्रीवास्तव, मंडल प्रभारी अशोक कसौधन, प्रवीण अग्रवाल, जिला महामंत्री राजेश माहेश्वरी, अश्वनी वर्मा, रवि सोनी, प्रवीण पाठक सहित अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण पाठक ने किया।

