दो दिन, दो मैदान—हरदोई के गोल्फर की अनोखी उपलब्धि
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। हरदोई के गोल्फ खिलाड़ी मनोज कुमार शुक्ला ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से खेल जगत में खास पहचान बनाई है। उन्होंने लगातार दो दिनों में अलग-अलग गोल्फ कोर्स पर बैक-टू-बैक होल-इन-वन का शानदार कारनामा कर दिखाया, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बन गया।
15 अप्रैल 2026 को कोलकाता के गोल्फ क्लब में आयोजित मुकाबले के दौरान शुक्ला ने 150 गज की दूरी पर 7 आयरन से सटीक शॉट लगाकर गेंद को सीधे होल में पहुंचाया। इस अद्भुत शॉट को देखकर मौजूद दर्शक और साथी खिलाड़ी रोमांचित हो उठे। इसके अगले ही दिन, 16 अप्रैल 2026 को उन्होंने दुबारा मैदान में उतरकर लगभग 145 गज की दूरी पर 9 आयरन की मदद से एक और होल-इन-वन कर इतिहास रच दिया।
लगातार दो दिनों में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। आमतौर पर पेशेवर गोल्फरों के लिए भी यह उपलब्धि पाना आसान नहीं होता। शुक्ला की इस उपलब्धि ने न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिभा को उजागर किया है, बल्कि हरदोई जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।
अपनी इस सफलता पर खुशी जताते हुए शुक्ला ने कहा कि यह उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास, धैर्य और खेल के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा है।
खेल विशेषज्ञों और गोल्फ समुदाय ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया है। उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में भी वह ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

