नोएडा के मीडिया क्लब में सम्मेद शिखर जी की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व जैन संगठन ने उठाई आवाज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 3 सितंबर 2026। विश्व जैन संगठन द्वारा नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड के गिरिडीह जिले स्थित पवित्र जैन तीर्थस्थल श्री सम्मेद शिखर जी पारसनाथ पर्वतराज की धार्मिक पवित्रता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।
संगठन के अध्यक्ष श्री संजय जैन ने कहा कि पारसनाथ पर्वतराज जैन समाज के लिए सर्वोच्च एवं पवित्र तीर्थस्थल है। जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों ने इसी पावन भूमि पर निर्वाण प्राप्त किया था। ऐसे में इसकी धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखना बेहद आवश्यक है।
प्रेस वार्ता में संगठन ने केंद्रीय वन मंत्रालय एवं झारखंड सरकार से पर्वतराज पर यात्रियों के पंजीकरण, स्कैनिंग एवं बैरियर व्यवस्था को मजबूत करने, सामान की जांच के लिए चेक पोस्ट बनाने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। साथ ही वंदना मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने और प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने की भी मांग रखी गई।
संगठन ने तीर्थस्थल की पवित्रता बनाए रखने के लिए नशाखोरी, बाइक संचालन तथा फिल्मी गानों पर वीडियो-रील बनाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
श्री संजय जैन ने सोशल मीडिया पर सम्मेद शिखर जी को लेकर प्रसारित की जा रही भ्रामक जानकारी पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे अनावश्यक विवाद पैदा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की ओर से किसी स्थानीय समाज, संस्था, नेता या राजनीतिक दल के विरुद्ध कोई बयान नहीं दिया गया है।
इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री यश जैन, महामंत्री राहुल जैन एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आकाश जैन ने कहा कि सम्मेद शिखर जी की धार्मिक पवित्रता, प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *