ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 10 सितंबर 2026। भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के उद्देश्य से मंगलमय इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मंगलमय इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के चेयरमैन श्री अतुल मंगल के विशेष सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ एवं सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।” उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में नियमित रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवता की सच्ची सेवा भी है। संजय गुप्ता ने युवाओं सहित समाज के सभी स्वस्थ नागरिकों से रक्तदान के लिए आगे आने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर में परिषद के सचिव श्री अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, पूर्व अध्यक्ष केशव गंगल, संजय गोयल, अनुज मंगल, राजेंद्र गर्ग, रामरतन शर्मा, सुमित अग्रवाल सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं सहयोगी श्री नवीन अग्रवाल उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शिविर के सफल आयोजन में विशेष सहयोग के लिए मंगलमय इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के चेयरमैन श्री अतुल मंगल एवं संस्थान के समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद “सेवा, संस्कार, समर्पण एवं संगठन” के मूल भाव के साथ समाजहित में निरंतर सेवा गतिविधियां संचालित कर रही है। भविष्य में भी जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

