ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महात्म्य के साथ श्री शुकदेव आगमन, श्री कपिल अवतार तथा भगवान शिव-सती चरित के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और सदाचार की दिशा प्रदान करने वाला दिव्य मार्ग है। उन्होंने पितृ पक्ष में भागवत कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान का स्मरण, कथा श्रवण और पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
कथा के दौरान पूरा पंडाल “जय श्री राधे”, “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” और “जय गोपी चित्तचोर प्रभु” के जयघोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार कथा का श्रवण किया और आध्यात्मिक वातावरण में भक्ति का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आर.एन. मिश्रा, डीएसपी ट्रैफिक, नोएडा एवं प्रवीण रंजन ने व्यास पीठ का नमन किया। पूज्य श्री कृष्णकांत शास्त्री जी महाराज एवं जगद्गुरु सुदामा कुटी जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को बढ़ाया। इस अवसर पर श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल एवं श्री मधुसूदन दादू ने आचार्य श्री मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कथा के मुख्य यजमान डॉ. वी.के. गुप्ता एवं श्रीमती रीना गुप्ता रहे।
भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष श्री संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कथा स्थल पर पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन कथा के उपरांत भंडारा एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद के सचिव श्री अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष श्री अक्षय पारीक, महिला सहभागिता संयोजिका श्रीमती सुनीता मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. टी.एन. गोविल, शाखा संरक्षक श्री प्रताप मेहता, श्री विपिन मल्हन, श्री केशव गंगल, श्री एन.के. अग्रवाल, श्री रामरतन शर्मा, श्री राकेश कत्याल, श्री पंकज जिंदल, श्री मुकुल वाजपेयी सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

