परिवहन विभाग के मेगा मेला में एक ही छत के नीचे मिलीं सारी सुविधाएं
-बकाया टैक्स पर पेनल्टी में दी गयी छूट, 28.05 लाख का राजस्व जमा
अयोध्या। संभागीय परिवहन कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित हुआ परिवहन मेला वाहन स्वामियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। सुबह से ही कार्यालय परिसर में ट्रक, बस और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों की भीड़ उमड़ पड़ी। शासन की मंशा के अनुरूप विभाग ने एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराकर ट्रांसपोर्टरों का दिल जीत लिया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विष्णु राजा सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मंच पर उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) राजकुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विश्वजीत प्रताप सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संजय झा , सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ.आर.पी. सिंह और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गुलाबचंद मौजूद रहे। मेले के आकर्षण रहे डॉ. आर.पी. सिंह और संजय झा, दोनों अधिकारियों ने खुद काउंटर पर बैठकर वाहन स्वामियों की समस्याएं सुनीं। डॉ. आर.पी. सिंह ने पंजीकरण, परमिट, फिटनेस और कर भुगतान की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया, वहीं संजय झा ने प्रवर्तन और सड़क सुरक्षा को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया और कहा विभाग का लक्ष्य चालान काटना नहीं, बल्कि आपको सुगम और सुरक्षित परिवहन देना है। ट्रांसपोर्ट जगत की ओर से वरिष्ठ ट्रांसपोर्टर राजीव गुप्ता सहित 150 से अधिक वाहन स्वामियों और यूनियन पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने पेनल्टी में छूट का लाभ देते हुए मौके पर ही बकाया कर जमा कराया। मेले में जहां 28.05 लाख रुपये राजस्व जमा हुए वहीं 158 वाहन स्वामी / ट्रांसपोर्टर लाभान्वित हुए तथा 85 वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स पर पेनल्टी में छूट दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में फिर से परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।

