परिवार व्यवस्था और भारतीय संस्कृति हमारी पहचान—गजेन्द्र
:- विश्व हिंदू परिषद की गोंडा इकाई ने मनाया स्थापना दिवस
गोण्डा 12 सितम्ब। विश्व हिंदू परिषद की जिला समिति की ओर से शनिवार को टाउन हॉल, गोण्डा में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवध प्रांत के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र रहे, जबकि अध्यक्षता एलबीएस कॉलेज गोण्डा के सैन्य विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राज बहादुर सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा भारत माता और भगवान श्रीराम के चित्र पर दीपार्चन एवं पुष्पार्चन तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गजेन्द्र ने भारतीय संस्कृति और परिवार व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ने सदैव जीवन-मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की व्यवस्था दी है। सावित्री, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और कैकेयी के जीवन प्रसंगों की व्याख्या करते हुए उन्होंने परिवार व्यवस्था की विशेषताओं को समझाया। उन्होंने कहा कि जब तक देश में मजबूत परिवार व्यवस्था प्रभावी रही, तब तक भारत का विश्व में विशिष्ट स्थान रहा। शिक्षा, व्यापार और तकनीकी क्षेत्र में भी भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ही ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देती है। उन्होंने गो-आधारित कृषि को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं। इसके साथ ही जनसंख्या नियंत्रण, धर्मांतरण और महिलाओं के अपहरण जैसे विषयों को भी चिंता का विषय बताया।
कार्यक्रम में गोंडा एवं नंदिनी नगर के संगठन मंत्री दीपेन्द्र, सेवा भारती के संगठन मंत्री डॉ. आनंद, जिलाध्यक्ष दिवाकर सोमानी, दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका बीनू सिंह,जिला उपाध्यक्ष सीमा मिश्रा, बबलू वर्मा, विपिन शुक्ला, सर्वजीत सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल अग्रवाल, भूपेन्द्र आर्य, दिलीप अग्रवाल, सौरभ जैन, विकास साहू, राजेंद्र सिंह, सौम्या मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

