पाली पुलिस ने सब्जी विक्रेता से हुई लूट का किया खुलासा*
*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*पाली-(हरदोई)* पुलिस ने सब्जी विक्रेता से मारपीट कर विक्की, मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाली-नकटौरा मार्ग पर भोरापुर जाने वाले रास्ते से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षित उर्फ प्रिंसू पुत्र नत्थू सिंह उर्फ नथुनी, महेंद्र पाल उर्फ नन्हें पुत्र विशेश्वर उर्फ बद्री निवासी ग्राम भोरापुर थाना पाली, नीरज शुक्ला पुत्र फौजदार निवासी ग्राम गोलोदपुर थाना भिगना जिला श्रावस्ती के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि यह कार्यवाही सहजनपुर निवासी रामऔतार राठौर की तहरीर पर दर्ज मुकदमें के संबंध में की गई। आरोप है कि आरोपियों ने शनिवार देर शाम को वादी के चचेरे भाई बृजेश राठौर के साथ मारपीट कर उसकी विक्की, मोबाइल फोन तथा नकदी छीन ली थी जब वह भोरापुर से सब्जी बेचकर वापस लौट रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक विक्की, एक मोबाइल फोन, रुपये 2,800 नकद तथा दो डंडे बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की है।

