पूर्व हवलदार माधव राज सिंह को प्रशस्ति पत्र व चार हजार रुपये का पुरस्कार
नवाबगंज (गोण्डा) 27 अगस्त। उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने पर पूर्व हवलदार माधव राज सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निगम के एजीएम (ऑपरेशन) लेफ्टिनेंट कर्नल एसडी बांदेकर ने प्रशस्ति पत्र जारी कर उनके कर्तव्यनिष्ठा, सत्यपरायणता और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की।
प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि माधव राज सिंह अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी लगन, मेहनत और निष्ठा के साथ कर रहे हैं। उनसे भविष्य में भी इसी प्रकार उच्च स्तर का कर्तव्य निर्वहन करते हुए अन्य पूर्व सैनिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की अपेक्षा जताई गई है।
सराहनीय कार्य के लिए उन्हें प्रशंसनीय कार्य पदक के साथ चार हजार रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई। वर्तमान में माधव राज सिंह आर्मी गार्ड के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोण्डा में सेवाएं दे रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व सैनिक सूबेदार अनवर अली, पूर्व हवलदार कैफुल वारा, सत्यप्रकाश जायसवाल, अंशुमान सिंह उर्फ पुनीत सिंह, पूर्व हवलदार रामबहादुर यादव, रिटायर्ड सूबेदार बृजेश कुमार पांडेय, रिटायर्ड सूबेदार परशुराम वर्मा,रिटायर्ड हवलदार राम अधार दुबे सहित तमाम पूर्व सैनिकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

