प्रोटीन सेहत के लिए जरूरी, पोल्ट्री फार्मिंग से बढ़ेगी किसानों की आय

प्रोटीन सेहत के लिए जरूरी, पोल्ट्री फार्मिंग से बढ़ेगी किसानों की आय

सोहावल-अयोध्या। भारत प्रोटीन मिशन के तहत शुक्रवार को सोहावल क्षेत्र के मीरपुर कांटा स्थित खालिद मसूद पोल्ट्री फार्म पर आईबी कंपनी की ओर से जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें प्रोटीन के महत्व, संतुलित आहार में चिकन की उपयोगिता और पोल्ट्री फार्मिंग के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों, पोल्ट्री फार्म संचालकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। जगदीशपुर क्लस्टर के मैनेजर विपिन वर्मा ने कहा कि प्रोटीन शरीर के विकास, मांसपेशियों के निर्माण और ऊतकों की मरम्मत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चिकन प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है। जिसे संतुलित आहार में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पौष्टिक खानपान अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।उन्होंने किसानों को पोल्ट्री फार्मिंग के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उचित प्रशिक्षण, बेहतर प्रबंधन और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से यह व्यवसाय किसानों की आय बढ़ाने का एक विकल्प बन सकता है। उन्होंने इच्छुक किसानों से आईबी कंपनी के साथ जुड़कर पोल्ट्री व्यवसाय की संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।कंपनी के टेक्निकल इंचार्ज अनिल चौहान ने पोल्ट्री फार्मिंग में तकनीकी जानकारी और बेहतर प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके अपनाकर इस व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकता है।गोष्ठी का उद्देश्य लोगों को प्रोटीन के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही किसानों को पोल्ट्री व्यवसाय की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं से परिचित कराना रहा।कार्यक्रम के समापन पर खालिद खान और विशाल सिंह ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राम लगन, जितेंद्र, राम सुरेश, अनिल कुमार, महेंद्र, दीपक, रेखा, छोटका, भानुमति, उर्मिला आदि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे

।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *