फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे बनेगा खेल पार्क, मिलेगी पार्किंग की सुविधा
-2.61 करोड़ रुपये की लागत से होगा सुंदरीकरण व अन्य कार्य
-100 कार और 152 बाइक खड़ी करने की होगी व्यवस्था
-महापौर ने नगर आयुक्त के साथ वैदिक रीति-रिवाज किया परियोजना का शिलान्यास
अयोध्या। रामनगरी के विकास कार्यों की कड़ी में फतेहगंज जीआईसी ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह को अब पार्क और पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत यहां 2.61 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कार्य कराया जाएगा। परियोजना का शिलान्यास गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ वैदिक रीति-रिवाज से नारियल फोड़कर किया।
परियोजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे पार्क, फुटपाथ और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 कार और 152 बाइक खड़ी की जा सकेंगी। इससे आसपास के क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना की खास बात यह होगी कि यहां बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पार्क को मिनी स्टेडियम के स्वरूप में विकसित करते हुए क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया बनाया जाएगा। इससे शहर के बच्चों और उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। पार्क में फुटपाथ समेत हरित क्षेत्र विकसित कर लोगों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की भी योजना है। शिलान्यास समारोह में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शहर में उपलब्ध संसाधनों और खाली स्थानों का बेहतर उपयोग कर नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों को लेकर 24 घंटे तत्पर है।
महापौर ने कहा कि शहर के अन्य फ्लाईओवरों के नीचे उपलब्ध स्थानों को भी इसी तरह विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इन स्थानों का उपयोग पार्किंग के साथ-साथ बच्चों और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में किया जा सकता है। इससे एक ओर पार्किंग की समस्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे विकसित होने वाला यह स्थान आसपास के लोगों के लिए बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगा। सुंदरीकरण के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, उपसभापति संतोष सिंह, क्षेत्रीय पार्षद हरिश्चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, विशाल पाल, चंदन सिंह, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुशील मिश्रा बबलू, अनीता द्विवेदी, ज्ञान केसरवानी, अजय पांडेय, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, नीलकमल अग्रवाल, मनमोहन जायसवाल, शिवकुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, दुर्गा केसरवानी, अनुभव जायसवाल, रामनंदन तिवारी, मुकेश अग्रहरि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
7.60 करोड़ के आठ विकास कार्यों को मंजूरी, टेंडर प्रक्रिया शुरू
-पूराबाजार व नगर निगम क्षेत्र में बनेंगे संपर्क मार्ग, सड़क और नालियां
अयोध्या। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं संपर्क मार्गों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए करीब 7.60 करोड़ रुपये की लागत वाले आठ विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई है। स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के तहत पूराबाजार, मसौधा और नगर निगम क्षेत्र के गांवों एवं वार्ड में संपर्क मार्ग का नवनिर्माण व अन्य के कार्य कराए जाएंगे। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में सड़क और संपर्क मार्गों को मजबूत करना प्राथमिकताओं में शामिल है। जिन क्षेत्रों में आवागमन की समस्या है, वहां आवश्यकता के अनुसार नए मार्गों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आठों कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क और मजबूत होगा। स्वीकृत कार्यों में रामपुर सर्धा-मित्रसेनपुर में संपर्क मार्ग का 80 लाख रुपये की लागत व तिहुरा मांझा कुंजीगंज चौराहे से गोडियाना एबी बंधा तक 1.33 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का नव निर्माण कराया जाएगा। इसी क्रम में रामवनगमन मार्ग के किलोमीटर नौ किमी से प्राथमिक विद्यालय होते हुए शिव मंदिर तक 1.31 करोड़ रुपये व दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग पर शारदा सहायक नहर से मुरावन का पुरवा तक 78 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। मसौधा क्षेत्र की भदोखर ग्राम पंचायत में रामू का पुरवा पक्की सड़क से ईश्वरदीन इंटर कॉलेज ददेरा तक 1.24 करोड़ रुपये की लागत से व नगर निगम क्षेत्र के कर्पूरी ठाकुर वार्ड में 64 लाख रुपये की लागत से सड़क व नाली निर्माण का कार्य भी स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा 78 लाख रुपये की लागत से पिलखावां में सड़क निर्माण तथा कर्पूरी ठाकुर वार्ड में रामलाल मिश्र का पुरवा से प्रयागराज मार्ग तक 72 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग का नव निर्माण कराया जाएगा।

