(फ्लोरिडा)अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा, 9 लोगों की मौत, सड़क पर गिरते ही आग का गोला बना बिजनेस जेट
फ्लोरिडा,02 नवंबर। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में रविवार को एक निजी व्यावसायिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार पायलट समेत सभी नौ लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त विमान ऑस्टिन, टेक्सास से बहामास जा रहा था। हादसा पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके के पास हुआ। दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान तेजी से जमीन की ओर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। जमीन से टकराते ही विमान आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया।
अमेरिका के परिवहन सचिव सीन डफी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था। विमान में पायलट सहित नौ लोग सवार थे। प्रारंभिक उड़ान आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले विमान तेजी से ऊंचाई खो रहा था। उड़ान संबंधी आंकड़ों के अनुसार, विमान कई सौ फीट प्रति सेकंड की रफ्तार से नीचे आ रहा था।
संघीय विमानन प्रशासन ने पुष्टि की है कि विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरी थी और उसका निर्धारित गंतव्य बहामास था। विमान की पहचान उसके पंजीकरण क्रमांक एन722बीडी से की गई है। हालांकि, विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।
विमान जिस स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रसिद्ध रिसॉर्ट मार-ए-लागो करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हादसे के बाद पाम बीच काउंटी के शेरिफ कार्यालय ने घटनास्थल के आसपास दोनों दिशाओं की सड़कें बंद कर दीं। साथ ही वाहन चालकों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल के नजदीक स्थित एक आवासीय ट्रेलर बस्ती के करीब 600 लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया। हादसे के कारण इलाके में पानी और बिजली की आपूर्ति भी बाधित हो गई। इसके अलावा आसपास के कुछ मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया कि विमान में सवार लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित आपातकालीन एजेंसियां राहत एवं सुरक्षा कार्यों में जुटी हुई हैं।

