बजरंग दल का बड़ा प्रदर्शन जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा

बजरंग दल का बड़ा प्रदर्शन
जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा

जौनपुर,17 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बजरंग दल के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम 5 बजे एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शन देश में बढ़ती ‘विकृत जिहादी मानसिकता’, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पॉलिटेक्निक चौराहा, कृषि भवन के निकट से शुरू हुआ। यह बाजिदपुर तिराहा और जेसीज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट में एक सभा के रूप में समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौपा।
बजरंग दल के जिला मिलन केंद्र प्रमुख आशुतोष सिंह ने इस अवसर पर कहा कि देश के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने वाली ‘जिहादी मानसिकता’ अब राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और सद्भाव के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है। उन्होंने इस मानसिकता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला संयोजक समर बहादुर सिंह ने कहा कि हाल ही में सामने आए कुछ प्रकरणों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नासिक में टीसीएस (TCS) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के आसपास उजागर हुए मामले यह दर्शाते हैं कि ‘लव जिहाद’ का जाल अब सुशिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है। अमरावती में मोहम्मद अयाज नामक व्यक्ति द्वारा 180 नाबालिग हिंदू लड़कियों का कथित तौर पर शोषण कर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला भी सामने आया है।
बजरंग दल ने आरोप लगाया कि देशभर में जिहादियों द्वारा हिंदू लड़कियों का शारीरिक शोषण, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण की अनेक घटनाएं सामने आ रही हैं। ये कृत्य समाज में अशांति और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रहे हैं।
संगठन ने देश के विभिन्न नगरों में वन भूमि, सार्वजनिक भूमि, रेल विभाग और सेना की सुरक्षित भूमि पर सुनियोजित तरीके से किए जा रहे अवैध कब्जों पर भी चिंता व्यक्त की। बजरंग दल ने इसे सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक चुनौती बताया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों और जनजाति समाज की अवयस्क बालिकाओं का शारीरिक व मानसिक शोषण कर उन्हें पलायन के लिए विवश किया जा रहा है।
बजरंग दल ने मांग की कि ऐसी राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण जैसे कृत्यों को रोकने हेतु एक कठोर केंद्रीय कानून लागू करने की भी मांग की। बजरंग दल ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रशासन से इन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने का आग्रह किया, ताकि देश में शांति और सद्भाव बना रहे।कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें उदयराज सिंह, समर बहादुर सिंह, लालमणि पांडेय, सूरज, अनिल कौशल, सत्येंद्र सिंह, सुनील मौर्य, महेंद्र सिंह, गणेश मोदनवाल, शिवम अग्रहरी, आनंद उपाध्याय, दीपक श्रीवास्तव, राहुल बाबा, कुबेर कुशवाहा, विशाल मोदनवाल, अवनीश मौर्य और शनि मौर्य समेत लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *