बेली अस्पताल की पूर्व सीएमएस से ठगे 1.78 करोड़

बेली अस्पताल की पूर्व सीएमएस से ठगे 1.78 करोड़
मुंबई के डिजिटल अरेस्ट गैंग ने एक महीने बनाए रखा था बंधक, एक गिरफ्तार
प्रयागराज। तेज़ बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल की पूर्व सीएमएस को डिजिटल अरेस्ट कर 1.78 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की वारदात मुंबई से अंजाम दी गई थी। इसके पीछे एक इंटरस्टेट गैंग है, जिसके एक सदस्य को गिरफ्तार करते हुए सोमवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में लखीमपुर खीरी के आयुष अवस्थी को गिरफ्तार किया गया है। उसके दो साथी निशांत त्रिवेदी और पीलीभीत निवासी राजन शुक्ला की तलाश की जा रही है।
डीसीपी साइबर क्राइम सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा ने इस पूरे मामले का खुलासा किया पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य डिजिटल अरेस्ट और साइबर स्कैम से ठगी गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों में डायवर्ट कराते थे। अब तक की जांच में 23.80 करोड़ रुपये की रकम अलग-अलग खातों में लेयरिंग के लिए डायवर्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आयुष अवस्थी की मैनपावर सप्लाई फर्म है। फर्म के नाम से एचडीएफसी बैंक में करंट अकाउंट संचालित है। जांच में इसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने में सामने आया। पूछताछ में आयुष ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में गांव के निशांत त्रिवेदी के जरिए उसकी मुलाकात पीलीभीत के राजन शुक्ला से हुई थी। राजन ने साइबर फ्रॉड की रकम उसके खाते में डायवर्ट कराने के बदले 10 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया। इसके बाद वह उनके साथ मुंबई गया।
पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को आयुष, निशांत और राजन फ्लाइट से मुंबई पहुंचे। वहां अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर 7 और 8 सितंबर को बेली अस्पताल की पूर्व सीएमएस के खाते से ठगी गई रकम में से 48.50 लाख रुपये आयुष से जुड़े खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसी तरह कई अलग-अलग तिथियों में कुल 1.78 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए गए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान साइबर फ्रॉड से संबंधित 64 लाख 61 हजार 990 रुपये की रकम फ्रीज/बरामद कराई है। इसमें 24 लाख 53 हजार 990 रुपये का बैंक लियन अमाउंट और करंट अकाउंट में मिले 8 हजार रुपये शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी से 40 लाख रुपये की दो इंश्योरेंस पॉलिसियां मिली हैं। इनमें 20 लाख रुपये की एचडीएफसी लाइटऔर 20 लाख रुपये की आदित्य बिड़ला सन लाइफ की पॉलिसी शामिल है। पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक चेकबुक भी बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *