यूपीटीईटी अभ्यर्थियों का ओएमआर रिजेक्शन- नॉर्मलाइजेशन को लेकर प्रदर्शन

यूपीटीईटी अभ्यर्थियों का ओएमआर रिजेक्शन- नॉर्मलाइजेशन को लेकर प्रदर्शन
प्रयागराज। यूपीटीईटी-2026 के परिणाम में ओएमआर शीट रिजेक्शन और नॉर्मलाइजेशन को लेकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर संशोधित परिणाम जारी करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ओएमआर करेक्शन के नाम पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का परिणाम रिजेक्ट किया गया है। वहीं, नॉर्मलाइजेशन के कारण कई ऐसे अभ्यर्थी भी फेल हो गए, जो कच्चे अंकों के आधार पर उत्तीर्ण होने का दावा कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने इन दोनों मामलों में दोबारा समीक्षा कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि रोल नंबर, प्रश्नपत्र पुस्तिका संख्या या अन्य कॉलम में मानवीय भूल के कारण ओएमआर शीट रिजेक्ट कर दी गईं। उनका तर्क है कि यदि अभ्यर्थी ने प्रश्नों के उत्तर सही दिए हैं और केवल गोला भरने में गलती हुई है, तो उसे परिणाम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीटीईटी में इस तरह के मामलों में सुधार कर अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण किए जाने का दावा किया जाता है, जबकि यूपीटीईटी में आयोग राहत देने से इनकार कर रहा है। उन्होंने इसे आयोग का दोहरा रवैया बताया।
छात्रों ने बताया कि आयोग के अधिकारी अभ्यर्थियों से मिलने पहुंचे, लेकिन उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। उनके अनुसार, अधिकारी केवल अभ्यर्थियों की बात सुनकर उसे आयोग के अध्यक्ष तक पहुंचाने की बात कह रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि अध्यक्ष स्तर से सुधार नहीं किए जाने की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर निर्णय नहीं होता, धरना जारी रहेगा और अभ्यर्थी धरना स्थल से नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *