ब्याज माफी योजना से व्यापारियों को मिलेगी 100 प्रतिशत तक छूट
– राज्य कर विभाग ने कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों को किया जागरूक
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। कस्बे के पुष्प वाटिका मैरिज हाल में बुधवार की देर शाम प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना-2026 के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने के लिए राज्य कर विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को योजना के प्रावधानों, पात्रता और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर बृजेश कुमार दीपांकर, अवनीश कुमार चौधरी और मनोज कुमार यादव ने बताया कि योजना के तहत पात्र व्यापारियों को बकाया कर पर देय ब्याज में 50 से 100 प्रतिशत तक छूट का लाभ मिल सकता है। उन्होंने व्यापारियों से योजना की शर्तों को समझकर इसका लाभ उठाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों को बकाया कर के बोझ से राहत दिलाना और कर संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त ने की, जबकि संचालन संगठन के पूर्व अध्यक्ष लालजी वर्मा ने किया। इस अवसर पर अनमोल साहू, प्रदीप गुप्ता, संजय जायसवाल, सुजीत जायसवाल, अनिल यादव और सुदामा मौर्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

