(भोपाल)भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, मां-पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद पिता की आत्महत्या की आशंका
भोपाल ,02 नवंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक घर में बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, परिवार के मुखिया का शव घर से करीब 500 मीटर दूर सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे स्टेशन के पास मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के अंदर चार शव मिले, जिनके गले पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। वहीं, नरेंद्र साहू (35) का शव घर से करीब 500 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के पास मिला।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र साहू ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि मामले की पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिवार के सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने पांचों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं।
पुलिस की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और परिवार के सदस्यों की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

