मड़ियांव में चाकू मारकर हत्या का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

मड़ियांव में चाकू मारकर हत्या का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
लखनऊ, (आरएनएस )। मड़ियांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू मारकर हत्या करने के आरोपी राजकुमार को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर थाने से लंबे समय से वांछित था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को भरतनगर, आनंद अस्पताल निवासी प्रदीप तिवारी ने मड़ियांव थाने में तहरीर दी थी कि उनके पिता मगन बिहारी तिवारी, उम्र करीब 70 वर्ष और पुत्र संकल्प तिवारी, उम्र करीब 22 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल निकालते समय एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल से टच हो जाने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मगन बिहारी तिवारी और संकल्प तिवारी को तत्काल केजीएमसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मगन बिहारी तिवारी को मृत घोषित कर दिया। संकल्प तिवारी का उपचार जारी है। तहरीर के आधार पर मड़ियांव थाने में मुकदमा संख्या 442/2026, धारा 109(1)/103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस टीम 13 सितंबर को वांछित आरोपी की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान नौवस्ता मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि देशी शराब के ठेके के सामने हत्या करने वाला आरोपी मड़ियांव पुल के पास मौजूद है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजकुमार पुत्र श्रीराम निवासी ईदगाह के पास, थाना कोतवाली सदर, लखीमपुर खीरी, उम्र करीब 42 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजकुमार कोतवाली सदर, लखीमपुर खीरी का करीब आठ वर्ष से लापता हिस्ट्रीशीटर है और लखीमपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मगन बिहारी तिवारी पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या की थी। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मोटरसाइकिल से टच हो जाने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। उसके खिलाफ थाना मैलानी, लखीमपुर खीरी में वर्ष 2008 में हत्या से जुड़े मामले सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा कोतवाली सदर लखीमपुर खीरी में वर्ष 2019 में हत्या, मारपीट तथा एससी-एसटी अधिनियम से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2021 में न्यायालय से फरार रहने का मामला, गैंगस्टर अधिनियम, अपहरण एवं दुष्कर्म तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लखनऊ के बीकेटी थाने में भी वर्ष 2008 में शस्त्र अधिनियम तथा हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र श्रीराम निवासी ईदगाह राजगढ़, थाना कोतवाली सदर, जनपद खीरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किए जाने की बात पुलिस ने कही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवानन्द मिश्र, उपनिरीक्षक अमित साहू, उपनिरीक्षक दीपक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजदीप चौधरी, मुख्य आरक्षी गौरव कुमार, मुख्य आरक्षी दुर्गेश सिंह, आरक्षी रवीश कुमार, आरक्षी मंजेश कुमार, आरक्षी सचिन दुबे, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी राम सिंह राणा और आरक्षी मयंक कुमार शामिल रहे।

———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *