महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, जान से मारने की धमकी की शिकायत
आजमगढ़ 14 सितंबर(आर एन एस)पवई थाना क्षेत्र के खपरियाचक ओरिल गांव में एक महिला ने तीन लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है। महिला ने आरोपियों पर घटना के बाद उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 12 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है। गांव की निवासी उषा देवी ने आरोप लगाया कि पन्नेलाल के उकसाने पर दयाराम और विशाल उसके घर में घुस आए और उसके साथ अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए।महिला के मुताबिक, शोर सुनकर उसकी जेठानी की पुत्रवधू ज्योति और उसका नाबालिग पुत्र सत्यम मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई करने पर महिला और उसके पति को जान से खत्म करने की धमकी दी।तहरीर में महिला ने बताया कि घटना के बाद उसने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में उसे थाने जाकर लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया। महिला का आरोप है कि थाने से घर लौटते समय नोनरा के टापू के पास उक्त लोग लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और लोहे का पंच लेकर घात लगाकर बैठे थे। पुलिस को दोबारा सूचना दिए जाने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।महिला ने पुलिस से अपनी और अपने पति की जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा चोटों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की है।तहरीर के आधार पर थाना पवई में अभियोग पंजीकृत किए जाने का उल्लेख है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही
है।

