रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर,01 जून। यूपी के जौनपुर में मछलीशहर तहसील अंतर्गत क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र एसडीएम को सौंपा और गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस पार्टी के जिला सचिव इरशाद खान ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकर गैस एजेंसी पर दलालों और बिचौलियों का कब्जा हो गया है, जिसके चलते आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कई परिवार गैस की उपलब्धता न होने से परेशान हैं और लोगों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
इरशाद खान ने कहा कि एक ओर जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मछलीशहर के अध्यक्ष मुहम्मद सैफ ने कहा कि गैस एजेंसी पर प्रतिदिन लंबी कतारें लग रही हैं। लोगों को अपना रोजगार और जरूरी काम छोड़कर गैस लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन कई बार सिलेंडर न मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ सलमानी ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं करते हैं और दलालों के माध्यम से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है।
प्रदर्शन में जिला महासचिव एवं मछलीशहर प्रभारी अरुण शुक्ला, मल्हनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राकेश मिश्रा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, जिला सचिव जब्बार अली सलमानी, रईस खान, मेराज अली, किरन, शीला, संतोषी सिंह, संजय कुमार सोनी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

