विद्यार्थियों को सिखाए मक्का की वैज्ञानिक खेती के गुर
करनैलगंज (गोण्डा) 12 सितम्बर। कृषि महाविद्यालय करनैलगंज, गोंडा परिसर में स्नातक कृषि द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल क्रॉप प्रोडक्शन कोर्स के तहत मक्का की वैज्ञानिक खेती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को मक्का की उन्नत खेती की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना है। खेत पर विद्यार्थियों को भूमि की तैयारी, उन्नत बीज का चयन एवं बीज उपचार, बुवाई की उचित विधि, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। सस्य विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. उत्कर्ष सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे इस प्रायोगिक कार्य में विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक खेती की नवीनतम विधियों को समझने और उन्हें खेत स्तर पर लागू करने का अवसर मिल रहा है।

