विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, बूथ स्तर पर कल से शुरू होगा प्रचार; अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय और बेरोजगारी को लेकर बोला हमला

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, बूथ स्तर पर कल से शुरू होगा प्रचार; अखिलेश ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय और बेरोजगारी को लेकर बोला हमला
लखनऊ,। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और समाजवादी पार्टी कल से बूथ स्तर पर अपना प्रचार अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष अगले दो सप्ताह में अपने-अपने जिलों में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, अन्याय और जनसमस्याओं को जनता के सामने उजागर करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर है तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा बूथ स्तर पर कार्य कर रहे पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, मतदाता सूची, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महंगाई और सरकारी संपत्तियों की बिक्री सहित विभिन्न मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी प्रपत्र-7 भराए जा रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव से पहले भाजपा वार्षिक पुनरीक्षण के नाम पर अपने समर्थकों के वोट बढ़ाने और मतदाता सूची में बदलाव कराने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े षड्यंत्र की तैयारी हो रही है और समाजवादी पार्टी इस पर लगातार नजर रखेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए के साथ भेदभाव और अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पीडीए वर्ग के लोगों का उत्पीड़न हो रहा है और फर्जी मुठभेड़ों तथा पुलिस हिरासत में मौतों के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पूर्व में हुई कथित फर्जी मुठभेड़ों की जांच कराई जाएगी।उन्होंने बदायूं में पुलिस हिरासत में एक दलित युवक की मौत तथा वाराणसी में आदिवासी मजदूर रामजनम की कथित हत्या का उल्लेख करते हुए सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में होने वाली मौतों के मामलों में अक्सर हृदयाघात की बात कही जाती है, लेकिन कई मामलों में पुलिस की कहानी और सामने आए वीडियो या अन्य तथ्यों में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने पुलिस विभाग में भी पीडीए के लोगों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया।अखिलेश यादव ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से उनकी छवि खराब करने के लिए बनाए जा रहे वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह का बचपना न करे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भी इस तकनीक का इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को किसी के खिलाफ इस तरह के वीडियो नहीं बनाने की हिदायत दी है।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने बहुत पहले विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए थे और आने वाले समय में भी छात्रों को बदलती तकनीक के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं को आधुनिक तकनीक और शिक्षा से जोड़ने के पक्ष में है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट, चीनी के बढ़ते दाम और डीजल-पेट्रोल की कीमतों का मुद्दा उठाया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी संपत्तियों को बेच रही है और इस प्रक्रिया में कमीशनखोरी हो रही है। उन्होंने जेपीएनआईसी, छतर मंजिल, किसान बाजार, बस अड्डे तथा कन्नौज के काउमिल्क प्लांट सहित विभिन्न संपत्तियों का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने योजनाओं और निर्माण कार्यों में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है।अखिलेश यादव ने एक्सप्रेस-वे के निर्माण और रखरखाव तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यों को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ठेके और पट्टे कथित रूप से प्रबंधित किए जा रहे हैं और भाजपा सरकार का मॉडल कमीशनखोरी तथा सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल से पैसा बनाने का है।नों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है। आलू, मक्का, सरसों और अन्य फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध महंगा होने के बावजूद किसानों और पशुपालकों को दूध की उचित कीमत नहीं मिल रही है।
बेरोजगारी के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने दस वर्षों में नौजवानों को पर्याप्त रोजगार नहीं दिया। युवा नौकरी और रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के पास अब कुछ ही महीने बचे हैं और ऐसे में छह महीने में नौकरी देने का वादा युवाओं को समझ में आ रहा है।अखिलेश यादव ने चित्रकूट और बांदा में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुंभ और अन्य आयोजनों के नाम पर बड़ी धनराशि खर्च किए जाने के बावजूद प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराध की भेंट चढ़ गया है और अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि अपराधी उत्तर प्रदेश से बाहर चले गए हैं तो प्रदेश में हो रही हत्याओं के लिए कौन जिम्मेदार है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार नफरत की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी पार्टी चाहती है कि जातीय जनगणना हो और सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के साथ खड़ी है और सकारात्मक तथा प्रगतिशील राजनीति में विश्वास करती है।उन्होंने समाजवादी सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया, एचसीएल को लाया और इकाना स्टेडियम बनाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले भी विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराए और भविष्य में भी बदलती तकनीक के अनुरूप छात्रों की सहायता की जाएगी।अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर दिया है। आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ता गांव, कस्बों और शहरों में जाकर जनता के बीच भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब रखेंगे और महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था तथा सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।

————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *