दधिकांदों मेला के आयोजन की तैयारियों के सम्बंध में बैठक
सभी सम्बंधित अधिकारी दधिकांदों मेला क्षेत्रों का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से पूर्ण कराये- डीएम
प्रयागराज। पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की सहअध्यक्षता में सोमवार को संगम सभागार में दधिकांदों मेला के आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के सम्बंध में दधिकांदों मेला आयोजन समितियों के सदस्यों एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में दधिकांदों मेला आयोजन समितियों के सदस्यों से मेले के सकुशल आयोजन के सम्बंध में सुझाव भी मांगे गये, जिसपर समितियों के सदस्यों के द्वारा ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों, साफ-सफाई एवं मार्गों को ठीक कराये जाने हेतु कहा गया। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को दधिकांदों मेला लगने वाले स्थानों तथा मार्गों पर ढीले एवं जर्जर तारों एवं रोड पर लगे ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट कराये जाने के निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने सम्बंधित क्षेत्रों के अपर नगर मजिस्टेªटों एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने दधिकांदों मेला आयोजन समितियों को अपने वालंटियर नियुक्त करने तथा उनकी सूची उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि मेले में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा बलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जायेगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जायेगी तथा वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी। इस अवसर पर एडीएम सिटी सत्यम मिश्र सहित सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगणों के साथ-साथ दधिकांदों मेला आयोजन समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

