ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय-के साथ राजेश कुमार
नोएडा। सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस भगवान श्री वामन अवतार, श्रीराम चरित्र, श्रीकृष्ण जन्म और भव्य नंदोत्सव के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरा कथा पंडाल भक्ति एवं आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
कथा व्यास आचार्य मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज ने भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए भगवान विष्णु के वामन अवतार की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रत्येक अवतार का उद्देश्य धर्म की स्थापना और अधर्म का विनाश करना है। श्रीराम चरित्र के माध्यम से उन्होंने मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्य पालन के महत्व को भी श्रद्धालुओं के सामने रखा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग के दौरान कथा स्थल का वातावरण देखते ही देखते उत्सवमय हो गया। श्रीकृष्ण जन्म की घोषणा होते ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और पुष्पवर्षा कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद आयोजित भव्य नंदोत्सव में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन और मंगलगीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए तथा पूरा पंडाल ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष से गूंज उठा।
आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने पितृ पक्ष में श्रीमद्भागवत कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को भक्ति के साथ संस्कार, सदाचार और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। श्रद्धा एवं भाव से कथा श्रवण करने से मन को शांति मिलती है और जीवन को सकारात्मक दिशा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामप्रसाद जी, त्रिपुरा विधानसभा के स्पीकर एवं मिजोरम के पूर्व गृहमंत्री, तथा भाजपा प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कथा व्यास का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कथा के मुख्य यजमान डॉ. वी.के. गुप्ता एवं श्रीमती रीना गुप्ता रहे।

