जनपद के डोभी विकास खंड अंतर्गत पूरनपुरम गांव के प्रगतिशील किसान श्री रमाशंकर सिंह ने कृषि के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित किया है। पारंपरिक खेती की सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने उद्यान विभाग के मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाया, जो आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक बेहतरीन मिसाल बन गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में श्री रामाशंकर सिंह ने 0.93 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से बैंगन की खेती की। इस परियोजना के लिए उन्हें रू 1,23,480 का सरकारी अनुदान प्राप्त हुआ। पौधों की 1.2×0.4 मीटर दूरी पर वैज्ञानिक ढंग से रोपाई कर आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया।
ड्रिप सिंचाई अपनाने से जहां पारंपरिक विधि से प्रति हेक्टेयर 300 से 400 क्विंटल उत्पादन प्राप्त होता था, वहीं आधुनिक माइक्रो इरिगेशन प्रणाली से उत्पादन बढ़कर 600 से 700 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गया। इससे फसल की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। पारंपरिक खेती की तुलना में लगभग रू 4.50 लाख प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त शुद्ध आय अर्जित होने का अनुमान है।
ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पौधों की जड़ों तक सीधे पानी एवं घुलनशील उर्वरक पहुंचाए जाते हैं, जिससे जल की बचत, उर्वरकों का बेहतर उपयोग, खरपतवार में कमी, श्रम लागत में कमी तथा पौधों का समान विकास सुनिश्चित होता है। परिणामस्वरूप उत्पादन और लाभ दोनों में वृद्धि होती है।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत “प्रति बूंद अधिक फसल“ का यह सफल उदाहरण यह रेखांकित करता है कि आधुनिक तकनीक अपनाकर हमारे किसान भाई अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं।
जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत उपलब्ध अनुदान एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों का अधिकाधिक लाभ उठाकर वैज्ञानिक खेती अपनाएं। इससे जल संरक्षण के साथ-साथ उत्पादन एवं आय में वृद्धि संभव है।
———-
जौनपुर 24 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04
वन्दन योजना के अन्तर्गत नगर पालिका परिषद जौनपुर में अवस्थित श्री रामजानकी मन्दिर में अवस्थापना सुविधाओं के कार्य हेतु ₹01 करोड़ 34 लाख की परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उ.प्र. सरकार श्री गिरीशचन्द्र यादव जी के कर कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ।
मा० राज्यमंत्री द्वारा मन्दिर परिसर में विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलापट्ट का अनावरण किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० राज्यमंत्री जी ने कहा कि “मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश के धार्मिक स्थलों का व्यवस्थित विकास किया जा रहा है। वन्दन योजना के तहत इस मन्दिर में 1.34 करोड़ की लागत से श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मन्दिर परिसर का सौन्दर्यीकरण होगा और जौनपुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मा. सुरेंद्र प्रताप सिंह जी ने कहा कि जौनपुर की जनता की आस्था का यह केन्द्र अब भव्य रूप लेगा। राज्य सरकार द्वारा दिए गए इस उपहार के लिए हम मा० मुख्यमंत्री जी और मा० राज्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। इससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
इस परियोजना के पूर्ण होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा मन्दिर परिसर का सौन्दर्यीकरण एवं विकास होगा।
कार्यक्रम का संचालन सभासद नंदलाल यादव ने और अध्यक्षता नगर अध्यक्ष दक्षिणी कमलेश निषाद ने किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुनीत प्रकाश श्रीवास्तव पिंटू, अतुल सिंह काका, अरुण सिंह, कमल सिंह, गिरीश कुमार सिंह पप्पू, अतुल श्रीवास्तव, गौरव जयसवाल, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, बसंत प्रजापति, संतोष मौर्य, माधुरी गुप्ता , मिलन श्रीवास्तव , संदीप व सुप्रतीक गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे। उक्त जानकारी मनीष कुमार श्रीवास्तव, जनसम्पर्क अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने दी है।

