सीईआईआर पोर्टल की मदद से लखनऊ पुलिस ने बरामद किए 100 खोए मोबाइल फोन, 18 लाख रुपये के मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए

सीईआईआर पोर्टल की मदद से लखनऊ पुलिस ने बरामद किए 100 खोए मोबाइल फोन, 18 लाख रुपये के मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए
लखनऊ, (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की साइबर सेल, जोन-दक्षिणी ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से विभिन्न जनपदों और राज्यों में ट्रेस किए गए 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस कर दिए।मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद स्वामियों के चेहरों पर खुशी लौट आई। लोगों ने लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए साइबर सेल की टीम का आभार जताया और पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर जनता के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मोबाइल फोन की गुमशुदगी से संबंधित विवरण सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कर उन्हें तकनीकी माध्यम से ट्रेस करने के निर्देश दिए गए थे।पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक के कुशल पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार के निर्देशन में साइबर सेल, जोन-दक्षिणी की टीम ने दक्षिणी जोन के सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क की सहायता से विभिन्न लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया।जांच के दौरान मोबाइल फोन की लोकेशन विभिन्न जनपदों और राज्यों में पाई गई। इसके बाद दक्षिणी जोन के संबंधित थानों की साइबर टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर इन मोबाइल फोन को बरामद किया गया। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामियों को बुलाकर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके सुपुर्द कर दिया गया।साइबर सेल ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों के कुल 100 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये है। मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में साइबर सेल, जोन-दक्षिणी, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की टीम शामिल रही।पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक खोए हुए कुल 347 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये है। बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए हैं।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गिरने या खोने की स्थिति में तत्काल प्ले स्टोर से यूपी कॉप ऐप डाउनलोड कर साइन अप एवं लॉगिन करें। इसके बाद एफआईआर सेक्शन में जाकर रजिस्टर लॉस्ट आर्टिकल के माध्यम से मोबाइल गुम होने का विवरण दर्ज करें। इसके बाद सीईआईआर, साइबर एंड ई-चालान/पासपोर्ट स्टेटस सेक्शन में जाकर सीईआईआर (खोए या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करना) विकल्प पर आवश्यक विवरण भरें। साथ ही तत्काल अपने निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें। समय रहते शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल पर विवरण उपलब्ध कराने से खोए या चोरी हुए मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने में पुलिस को मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *