12 रबी-उल-अव्वल त्यौहार को लेकर पुलिस अलर्ट, थानाध्यक्ष ने की शांतिपूर्ण आयोजन की अपील
अलावल देवरिया (गोण्डा) 22 अगस्त। आगामी 12 रबी-उल-अव्वल के पावन पर्व को लेकर मोतीगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क है। थानाध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से त्यौहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। थानाध्यक्ष ने कहा कि 12 रबी-उल-अव्वल का त्यौहार पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है, यह अमन और भाईचारे का पैगाम देता है। सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर इस त्यौहार को मनाएं ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और आपसी सौहार्द बना रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने से बचें। पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार गस्त की जा रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि त्यौहार में खलल डालने या गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जुलूस निकालने वाले आयोजकों से अपील की, कि जुलूस निर्धारित रूट और समय पर ही निकालें, डीजे की आवाज मानक के अनुसार रखें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी समस्या या सूचना के लिए तुरंत थाना पुलिस को सूचित करें।

