24 घंटे में 15,622 नए कोरोना संक्रमित मिले, प्रदेश में अब तक कोरोना टीके की 23 करोड़ से अधिक डोज लगी

यूपी में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं पर कोविड टीकाकरण और टेस्टिंग में प्रदेश देश में अन्य राज्यों में सबसे आगे है। बीते 24 घंटों में 02 लाख 16 हजार 152 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 15,622 नए कोरोना पॉजिविट पाए गए। इसी अवधि में 12,402 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। वर्तमान में कुल एक्टिव केस की 01 लाख 06 हजार 616 है। इनमें से 01 लाख 02 हजार 211 लोग घर पर ही उपचाराधीन हैं। बहुत कम संख्या में लोगों को अस्पताल की जरूरत पड़ रही है।

प्रदेश में अब तक कोविड टीके की 23 करोड़ 15 लाख 37 हजार से अधिक डोज लगाई जा चुकी है। जबकि 09 करोड़ 63 लाख से अधिक टेस्टिंग हो चुकी है। यह देश के किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टेस्टिंग-टीकाकरण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को टीम 9 की बैठक में निर्देश दिया कि आगामी 23 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में पुख्ता तैयारियां कर ली जाएं। कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन हो। हर केंद्र पर मास्क, सैनिटाइजर, इंफ्रारेड थरमामीटर की उपलब्धता होनी चाहिए। परीक्षा केंद्र निर्धारण में संस्थान के पिछले रिकॉर्ड को जरूर देखें। दागी व संदिग्ध छवि वाले संस्थानों को केंद्र कतई न बनाएं। परीक्षा की शुचिता के दृष्टिगत अपर मुख्य सचिव गृह और एडीजी कानून-व्यवस्था, प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा के साथ जिलाधिकारियों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों व परीक्षा आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर व्यवस्थाओं की पड़ताल करें।

योगी ने कहा कि शीतलहर और कोविड को देखते हुए असहाय, निराश्रित लोगों, अकेले रह रहे बुजुर्ग जनों, दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। रैन बसेरों में समुचित प्रबंध रखे जाएं। पुलिस, राजस्व और नगर विकास और स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके समुचित इलाज, भोजन आदि की व्यवस्था जरूर करे। ऐसे व्यक्ति यदि संक्रमित होते हैं तो उनके साथ अतिरिक्त संवेदनशीलता का भाव रखा जाना अपेक्षित है।

93 फीसदी लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है

प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के 93.90 फीसदी लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है, जबकि 59.20 फीसदी से अधिक लोग कोविड टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। विगत दिवस तक 15-17 आयु वर्ग के लगभग 39 फीसदी किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है और 04 लाख 09 हजार पात्र लोगों को प्री-कॉशन डोज भी मिल चुकी है। यथाशीघ्र सभी पात्र लोगों का वैक्सीनेशन किया जाए। जिनकी दूसरी डोज बकाया हो, उनकी सूची तैयार कर संपर्क-संवाद बनाएं और टीकाकवर दिलाएं। किशोर टीकाकरण में धीमी गति वाले जिलों से संवाद बनाएं। स्कूल व कॉलेजों में कैम्प लगाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *