बिना बैनामा किसान की जमीन पर जेसीबी से खुदाई, ग्रामीणों ने रुकवाया काम
अयोध्या।14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण में बिना सहमति और बिना बैनामा कराए किसान की जमीन पर निर्माण शुरू करने को लेकर गुरुवार को विवाद हो गया। पीडब्ल्यूडी की कार्यदाई संस्था छात्र शक्ति के कर्मचारियों को ग्रामीणों ने मौके पर रोक दिया।सूचना पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता भी पहुंचे और काम फिलहाल रोक दिया गया। घटना कुढाकेशवपुर उपहार स्थित गाटा संख्या 643 निकट काली चौराहा की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी ने बिना अनुमति के इसी भूमि पर गिट्टी डालकर सड़क बनाई थी और जेसीबी से नाले के लिए गड्ढा खोद दिया था। क्या हुआ गुरुवार सुबह करीब 10 बजे छात्र शक्ति के लेबर और जेसीबी हाईवे किनारे मिट्टी पटाई कर सड़क समतल करने पहुंचे। सूचना मिलते ही भू-स्वामी गोस्वामी, संदीप चंद्र पांडे, प्रेमचंद पांडे सहित अन्य किसान मौके पर पहुंचे। उन्होंने अवैध निर्माण का विरोध करते हुए मशीनें रुकवा दीं और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर कार्य बंद कर दिया गया। करीब एक घंटे बाद पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता विपिन कुशवाहा अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों का बयान किसानों ने कहा कि जमीन उनकी निजी है। अब तक न पीडब्ल्यूडी ने बैनामा किया है और न राजस्व विभाग से सहमति ली गई है। मुआवजा दिए बिना निर्माण गलत है। उन्होंने नियमानुसार अधिग्रहण के बाद ही काम शुरू करने की मांग की। अधिकारी का पक्ष का बयान AE विपिन कुशवाहा ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण शासन की प्राथमिकता है। राजस्व टीम के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण व मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। तब तक विवादित स्थल पर काम बंद रहेगा।

