ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महिला स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका- जिलाधिकारी
आजमगढ़, 17 अगस्त(आर एन एस)महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता के अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण आजीविका को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में जनपद में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में लालगंज तहसील परिसर में नवनिर्मित नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का शुभारम्भ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार द्वारा किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार का प्रभावी मंच मिलेगा। कैंटीन के संचालन से समूह की महिलाओं को अपनी मेहनत, कौशल एवं उद्यमशीलता के माध्यम से नियमित आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही तहसील परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को स्थानीय स्तर पर स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं उचित दर पर खान-पान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।उन्होंने कहा कि नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं केवल अपने परिवार की आय बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं महिला स्वावलंबन की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। महिलाओं के हाथों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर आने से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की पहल एवं प्रेरणा से जनपद के अन्य महिला स्वयं सहायता समूह भी मॉडल प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे आने वाले समय में महिला समूहों के लिए उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रेरणा कैंटीन का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा खान-पान की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। कैंटीन में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का नियमित रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार ने भी महिला स्वयं सहायता समूहों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनती हैं। महिला समूहों द्वारा संचालित कैंटीन से महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का अवसर मिलेगा।नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का संचालन महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाओं को भोजन एवं अन्य खान-पान सामग्री तैयार करने, प्रबंधन, बिक्री तथा ग्राहक सेवा के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा। यह पहल महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने में सहायक होगी।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कैंटीन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा महिला समूह की सदस्यों से बातचीत कर उनके अनुभव एवं कार्ययोजना की जानकारी ली। महिला समूह की सदस्यों ने कैंटीन के संचालन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें अपनी आजीविका को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने का बेहतर अवसर प्राप्त हुआ है।इस अवसर पर परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, उपायुक्त स्वतः रोजगार डॉ0 अराधना त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, खंड विकास अधिकारी लालगंज सहित संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(2)
पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करते हुए प्रकरण का गुणवत्तायुक्त करें निस्तारण- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
आजमगढ़ 17 अगस्त,(आर एन एस)जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनपद की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। माह के तीसरे शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के कारण अगले कार्यदिवस सोमवार को जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित हैं, इसलिए राजस्व अधिकारी व पुलिस के अधिकारी विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करें तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, भूमि संबंधी विवाद, राशन कार्ड, नहर में पानी की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मौके पर जांच एवं संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर शिकायत का निस्तारण कराया जाए, ताकि फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कुछ मामलों के निस्तारण के लिए निर्धारित समय-सीमा भी तय की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि उसकी केस-टू-केस समीक्षा करते हुए निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गंभीर एवं त्वरित समाधान की आवश्यकता वाले मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए, जबकि अन्य प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतों की प्रकृति एवं गंभीरता के अनुसार उनकी प्राथमिकता निर्धारित करते हुए कार्रवाई करें। विशेष रूप से ऐसे मामले जिनमें तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उन्हें सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लेते हुए निस्तारित किया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि शिकायतों का सही एवं प्रभावी निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो शिकायतकर्ता को बार-बार अधिकारियों के पास आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगा। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे भूमि विवादों एवं अन्य संवेदनशील मामलों का समय रहते समाधान हो सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाई की जाए कि वह दूसरों के लिए भी नजीर बने। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई करेंगे तो शिकायतों की संख्या स्वतः कम हो जाएगी तथा आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 84 शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम डॉ0 अराधना त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, तहसीलदार लालगंज सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
(3)
पूरी हुई राशन कोटेदारों की आस नई प्रणाली, लाभांश वृद्धि से उल्लास
आजमगढ़, 17 अगस्त(आर एन एस) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश के 78 हजार प्लस उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए कमीशन को रू0 90 से बढ़ाकर रू0 125 प्रति क्विंटल करने एवं सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद आजमगढ़ में हरिऔध कला केंद्र सहित जनपद के सभी 10 विधान सभाओं में संबंधित ब्लाक सभागार में किया गया।
पारदर्शिता और सुगमता को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वृद्धि से प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। नई व्यवस्था से उचित दर विक्रेताओं के पारिश्रमिक में पारदर्शिता, प्रक्रिया में सुगमता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में प्रभावशीलता को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से प्रदेश में 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि निराश्रित एवं दिव्यांगजन, जो राशन की दुकान तक नहीं आ सकते, उनके घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उचित मूल्य की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस वर्ष इसके लिए रू0 500 करोड़ की व्यवस्था की गई है। अन्नपूर्णा भवन में दुकान के साथ-साथ वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं की मार्जिन मनी में रू0 10 की वृद्धि की गई है तथा राज्य सरकार द्वारा इसमें रू0 25 की वृद्धि की गई है। इस प्रकार कुल रू0 35 प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है।
हरिऔध कला केन्द्र में हुआ जनपदीय कार्यक्रम
जनपद आजमगढ़ में मुख्य कार्यक्रम हरिऔध कला केन्द्र में विधानसभा आजमगढ़ एवं मुबारकपुर के उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह, अखिलेश कुमार मिश्र उर्फ गुड्डू, अरविन्द जायसवाल तथा ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिया उपस्थित रहे।जनपद आजमगढ़ में वर्तमान में 2,141 उचित दर विक्रेता हैं। जनपद में कुल 1,83,750 कुंतल खाद्यान्न का आवंटन होता है। पूर्व में रू0 90 प्रति कुंतल की दर से उचित दर विक्रेताओं को कुल रू0 1,65,37,500 (एक करोड़ पैंसठ लाख सैंतीस हजार पांच सौ रुपये) लाभांश का भुगतान किया जाता था। अब लाभांश की दर बढ़ाकर रू0 125 प्रति कुंतल किए जाने के बाद इसी आवंटन पर उचित दर विक्रेताओं को कुल रू0 2,29,68,750 (दो करोड़ उनतीस लाख अड़सठ हजार सात सौ पचास रुपये) का लाभांश प्राप्त होगा।इस प्रकार जनपद आजमगढ़ के उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में कुल रू0 64,31,250 (चौंसठ लाख इकतीस हजार दो सौ पचास रुपये) की वृद्धि होगी। लाभांश में हुई इस बढ़ोतरी पर जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह ने कहा कि नई व्यवस्था से उचित दर विक्रेताओं के मानदेय में पारदर्शिता, प्रक्रिया मंे सुगमता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में प्रभावशीलता को और मजबूती मिलेगी।उक्त कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, एआरओ, सप्लाई इंस्पेक्टर आदि उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के उचित दर विक्रेताओं ने मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा तथा लाभांश में की गई वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।इसी प्रकार जनपद की शेष 08 विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित ब्लॉक सभागारों में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं ने राज्य सरकार द्वारा किए गए लाभांश में वृद्धि के निर्णय को उनके हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
(4)
अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्तियों को स्वरोजगार प्रशिक्षण का अवसर
आजमगढ़, 17 अगस्त,(आर एन एस)उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्तियों/महिलाओं को स्वरोजगार युक्त बनाने के लिए चार माह का सामूहिक प्रशिक्षण योजना अंतर्गत प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसके अंतर्गत एक माह का सैद्धांतिक तथा तीन माह का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण हेतु आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य एवं शैक्षिक योग्यता गैर-तकनीकी व्यवसाय के लिए कक्षा 8 उत्तीर्ण तथा तकनीकी व्यवसाय के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति/महिलाएं उक्त प्रशिक्षण हेतु अपना आवेदन http://diupmsme.upsdc.gov.in पर 25 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन कर सकते हैं। आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन ही मान्य होंगे तथा ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदकों के लिए स्कोर कार्ड भरना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण के लिए निम्न व्यवसाय निर्धारित किए गए हैं—
1. कंप्यूटर
2. दर्जी
अधिक जानकारी के लिए सुमित कुमार श्रीवास्तव, कार्यालय सहायक एवं दूरभाष संख्या 8808123450 अथवा कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, आजमगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।
(5)
अनुसूचित जाति/जनजाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार प्रशिक्षण का अवसर
आजमगढ़, 17 अगस्त,(आर एन एस)उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि अनुसूचित जाति/जनजाति सब-प्लान के अंतर्गत व्यक्तियों/महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए चार माह का सामूहिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। प्रशिक्षण के अंतर्गत एक माह का सैद्धांतिक तथा तीन माह का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।उक्त प्रशिक्षण के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता के रूप में गैर-तकनीकी व्यवसाय के लिए कक्षा 8 उत्तीर्ण तथा तकनीकी व्यवसाय के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।अनुसूचित जाति/जनजाति के इच्छुक व्यक्ति/महिलाएं प्रशिक्षण हेतु अपना आवेदन http://diupmsme.upsdc.gov.in पर 25 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन कर सकते हैं। आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन ही मान्य होंगे तथा ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदकों के लिए स्कोर कार्ड भरना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण के लिए निम्न व्यवसाय निर्धारित किए गए हैं—
1. कंप्यूटर
2. दर्जी
अधिक जानकारी के लिए सुमित कुमार श्रीवास्तव, कार्यालय सहायक, मोबाइल नंबर 8808123450 अथवा कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, आजमगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।
(6)
नागपंचमी मोहटी घाट अखाड़े में गदा प्रतियोगिता, राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव बने भीम गदा विजेता
आजमगढ़
नागपंचमी के पावन पर्व पर मोहटी घाट स्थित बाबा मोहटी दास आश्रम मठ अखाड़े पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुश्ती व शक्ति प्रदर्शन के इस पारंपरिक आयोजन में पहलवान दीपक यादव द्वारा प्राचीन 50 किलोग्राम वजनी भीम गदा को उठाकर भांजने की खुली चुनौती रखी गई थी, जिसे स्वीकार करने जिलेभर से बड़ी संख्या में पहलवान पहुंचे।
झमाझम हो रही बारिश के बीच प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण दुल्लहपार निवासी राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव का प्रदर्शन रहा। उन्होंने अपने पिता कैलाश यादव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 50 किलो की प्राचीन भीम गदा को न सिर्फ आसानी से उठाया, बल्कि 10 हाथ सफलतापूर्वक भांजकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। आयोजक पहलवान दीपक यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता के इतिहास में बीते 14 वर्षों बाद इस भीम गदा को उठाकर विजय हासिल करने वाले बृजेश यादव जिले के पांचवें विजेता पहलवान बन गए हैं। विजयी पहलवान बृजेश यादव की इस उपलब्धि पर अखाड़ा समिति द्वारा उन्हें भव्य गदा एवं 5,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रुदल साहनी, रघुवीर साहनी, पिंटू, दुधई साहनी सहित अखाड़ा समिति के अन्य सदस्य व बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
(7)
अग्रवाल धर्मशाला में रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
आजमगढ़
नगर के पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला प्रांगण में श्री अग्रसेन की सेना और अग्रवाल धर्मशाला भंडार के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी सिटी मधुबन सिंह ने फीता काटकर किया।शिविर के दौरान मुख्य अतिथि ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में एसपी सिटी मधुबन सिंह ने समाज के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, रक्तदान एक अत्यंत पुनीत कार्य है। हमारे द्वारा दान किया गया रक्त शरीर में बहुत जल्द पुनः बन जाता है, जबकि यही रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि शिविर में समाज के युवाओं और गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 46 यूनिट रक्तदान संपन्न हुआ।इस अवसर पर अंशुल सिंघल, हर्षित अग्रवाल, हिमांशी मित्तल, अश्वनी मित्तल, लता मित्तल, शीतल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, आस्था अग्रवाल, आशीष कुमार, नवीन अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, अभिलाष राय, राहुल अग्रवाल, सौरभ गुप्ता और आदित्य अग्रवाल सहित संस्था के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
(8)
नाग पंचमी पर तुर्क पड़री में सजा विशाल दंगल, पहलवानों ने दिखाया दमखम
आजमगढ़
जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र के तुर्क पड़री बाजार में शिव शक्ति सेवा समिति की ओर से नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह से ही आसपास के गांवों के पहलवान अखाड़े में जुटने लगे। अखाड़ा पूजन के बाद शुरू हुई कुश्ती प्रतियोगिता में छोटे-बड़े पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के भाई अनीस अहमद रहे। प्रतियोगिता में शक्ति यादव को हराकर अजीत यादव, अविनाश को पछाड़कर आलोक, रामजनम को हराकर प्रमोद तथा सुजीत को पटखनी देकर आर्यन विजेता रहे। विजेता एवं प्रतिभागी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजक अमित यादव ने बताया कि नाग पंचमी के अवसर पर शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। रेफरी की भूमिका राष्ट्रीय पहलवान पप्पू यादव, फौजी अजीत यादव और रामवृक्ष यादव ने निभाई, जबकि संचालन नवनीत यादव ने किया।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कोमल पासवान, पूर्व चेयरमैन मो. आरिफ खान, सभासद राजू पासवान, सभासद प्रतिनिधि अच्छेलाल यादव, आलोक यादव, प्रदीप यादव, पवन पाल सहित अन्य लोगों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
(9)
दो घरों से 62 लाख के आभूषण व नकदी चोरी, गांव में दहशत
आजमगढ़
अहरौला थाना क्षेत्र के चित्तूपुरा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब 62 लाख रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर पीछे के रास्ते छत से होकर सीढ़ी के रास्ते घरों में दाखिल हुए।
चित्तूपुरा निवासी अशोक राय के घर से करीब 20 लाख के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी हुए। वहीं डेढ़ किलोमीटर दूर भवरुपुर गांव में रुद्रेश राय के घर से करीब 30 लाख के आभूषण और आठ लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। चोरों ने घर में सो रहे उनके बेटे के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था।घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने बताया
कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस सक्रियता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
(10)

