महंत राजू दास के खिलाफ अभद्र टिप्पणी मामले में कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन

महंत राजू दास के खिलाफ अभद्र टिप्पणी मामले में कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन
बस्ती। अयोध्या धाम के महंत  राजू दास जी महाराज के संबंध में टीवी डिबेट के दौरान कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं की ओर से शिवशंकर श्रीवास्तव एडवोकेट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से सौंपा गया।अधिवक्ता शिवशंकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा महंत श्री राजू दास जी महाराज के संबंध में कथित रूप से अपशब्दों एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी विभिन्न राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा वीडियो, संदेश एवं पोस्ट प्रसारित किए जाने की बात ज्ञापन में कही गई है। इससे सनातन समाज एवं विभिन्न वर्गों में रोष और आक्रोश व्याप्त होने का दावा किया गया है।ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं तथा समाज में गलत संदेश फैलने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत आवश्यक वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से संबंधित टीवी डिबेट और सोशल मीडिया पोस्टों की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया। साथ ही भविष्य में किसी धर्म, संत-महात्मा अथवा समाज के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई।इस दौरान अधिवक्ता शिवशंकर श्रीवास्तव ने कहा कि “हम मांग करते हैं कि इस तरह की अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले राजनीतिक व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। किसी भी धर्म, संत-महात्मा या समाज के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश कुमार एडवोकेट, नबी मोहम्मद, ज्ञान प्रकाश शुक्ला एडवोकेट, धर्मेंद्र, विजयकांत सिंह एडवोकेट, बाबूराम सिंह, अजय गौतम एडवोकेट, रितुराज पाल एडवोकेट, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

—————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *